Gujarat Assembly Election: वाघेला ने बनाया नया मोर्चा, कहा- अंबानी और अडानी से नहीं लेंगे चंदा
उन्होंने कहा कि जन विकल्प मोर्चा गुजरात विधानसभा चुनाव में ऑल इंडिया हिंदुस्तान कांग्रेस पार्टी के निशान ट्रैक्टर पर चुनाव लड़ेगा।
अहमदाबाद, एएनआई। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने विधानसभा चुनाव से पहले नया मोर्चा बना लिया है जिसका नाम जन विकल्प मोर्चा रखा गया है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी ऐलान कर दिया है कि उनकी पार्टी अंबानी और अडानी से फंड नहीं लेगी।
उन्होंने कहा कि जन विकल्प मोर्चा गुजरात विधानसभा चुनाव में ऑल इंडिया हिंदुस्तान कांग्रेस पार्टी के निशान ट्रैक्टर पर चुनाव लड़ेगा। अहमदाबाद में बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में वाघेला ने घोषणा की कि राज्य में जन विकल्प मोर्चा की सरकार बनने पर विधावा महिलाओं को 5 हजार रुपये पेंशन दिया जाएगा।
उन्होंने ये भी कहा कि चुनाव में योग्यता के आधार पर उम्मीदवारों को टिकट दिया जाएगा। बता दें, कांग्रेस से बगावत करने के बाद शंकर सिंह वाघेला अपने समर्थकों द्वारा बनाए गए जन विकल्प मोर्चा के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
पिछले दिनों वाघेला ने गांधी नगर के बहुचर्चित वसानिया महादेव मंदिर जाकर हनुमान जी के दर्शन किए और चुनाव प्रचार के आरंभ होने की घोषणा की। इसके बाद वह महूदी मंदिर भी गए। इस दौरान वाघेला के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे। उन्होंने लोगों से उनके तीसरे मोर्चे जन विकल्प को वोट देने की अपील की।
यह भी पढ़ें: Gujarat Assembly Election: गुजरात में किसानों को मिलेगी सब्सिडी, शिक्षक होंगे स्थायी