विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनापार में जाम से बढ़ रहा प्रदूषण का स्तर, ये 5 इलाके बने जाम के बड़े हॉटस्पॉट

Published: Mon, 26 Oct 2026 03:29 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली के यमुनापार में यातायात जाम प्रदूषण बढ़ा रहा है, जिससे भजनपुरा, सीलमपुर, आनंद विहार और गाजीपुर जैसे हॉटस्पॉट प्रभावित हैं।

5 प्रमुख हॉटस्पॉट पर वाहनों की लंबी कतारें (File Photo)

5 प्रमुख हॉटस्पॉट पर वाहनों की लंबी कतारें (File Photo)

HighLights

  1. यमुनापार में जाम से प्रदूषण की समस्या गंभीर।

  2. भजनपुरा, सीलमपुर, आनंद विहार प्रमुख हॉटस्पॉट।

  3. अवैध पार्किंग, अतिक्रमण जाम के मुख्य कारण।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार में प्रदूषण बढ़ने के बीच यातायात जाम की समस्या भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। भजनपुरा, सीलमपुर, विकास मार्ग, आनंद विहार और गाजीपुर बार्डर जैसे प्रमुख हॉटस्पाट पर दिनभर वाहनों की कतारें लगती हैं।

जाम में रेंगते वाहनों से निकलने वाला धुआं आसपास की हवा को प्रदूषित करता है। इन स्थानों पर जाम की वजह अलग-अलग है, लेकिन समस्या का असर एक जैसा है। कहीं फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है तो कहीं अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात नियमों की अनदेखी से वाहन फंस रहे हैं।

ऐसे में प्रदूषण कम करना है तो जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात प्रबंधन और अतिक्रमण हटाने के प्रभावी इंतजाम जरूरी हैं। उधर, मामले में डीसीपी ट्रैफिक ईस्टर्न रेंज श्वेता चौहान ने बताया कि नियमों का उल्लंघन पर कार्रवाई की जाती है। जांम की समस्या पर और बेहतर योजना के साथ काम किया जाएगा।

पांच हॉटस्पाट, बढ़ा रहे परेशानी

आनंद विहार: आनंद विहार में अवैध बसों व आटो की पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है। सड़क के आसपास बेतरतीब खड़े वाहन और अतिक्रमण के चलते सड़क की उपलब्ध जगह कम हो जाती है। इससे वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ती है और जाम में फंसे वाहनों का धुआं आसपास के वातावरण को प्रदूषित करता है।

गाजीपुर बार्डर: गाजीपुर बार्डर पर एमसीडी टोल के कारण वाहनों की कतारें लगती हैं। टोल से गुजरने के लिए वाहनों की रफ्तार धीमी होने पर जाम की स्थिति बनती है। लंबे समय तक वाहनों के फंसे रहने से धुआं निकलता रहता है, जिससे आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या बढ़ती है।

सीलमपुर: सीलमपुर में गलत दिशा से आने वाले वाहन, अतिक्रमण और अवैध रूप से खड़े ई-रिक्शा व आटो यातायात में बाधा बनते हैं। नियमों की अनदेखी और सड़क पर बिखरी अव्यवस्था के चलते जाम लगता है। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है।

भजनपुरा: भजनपुरा में डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण चलने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही ठेली-पटरी वालों के अतिक्रमण से सड़क पर वाहनों के निकलने की जगह कम हो जाती है। निर्माण कार्य और अतिक्रमण के बीच वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम के हालात बनते हैं। जाम में फंसे वाहनों का धुआं प्रदूषण बढ़ाता है।

विकास मार्ग: विकास मार्ग पर पीडब्ल्यूडी ने पांच यू-टर्न बनाए हैं, लेकिन इनके आसपास सड़क किनारे अवैध पार्किंग की समस्या बनी हुई है। खड़े वाहनों के कारण बसों और अन्य बड़े वाहनों को यू-टर्न लेने में परेशानी होती है। जाम के दौरान निकलने वाला धुआं राहगीरों और आसपास से गुजरने वाले लोगों के लिए परेशानी बढ़ाता है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में धूल प्रदूषण का कहर, पीएम10 स्तर मानक से ढाई गुना अधिक

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में GRAP-1 बेअसर: 13 हॉटस्पॉट पर उड़ रही धूल, वेव सिटी की हवा जहरीली