विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनापार की सड़कों और फुटपाथों पर लगा मलबे का अंबार, धूल और जाम से बढ़ी राहगीरों की परेशानी

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:53 PM (IST)

यमुनापार की सड़कों पर निर्माण और विध्वंस मलबे के ढेर राहगीरों के लिए बड़ी समस्या बन गए हैं, जिससे पैदल चलने वालों को सड़क पर चलना पड़ रहा है। इससे धूल उड़ने, यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़न गया है।

यमुनापार की सड़कों पर मलबे का अंबार। फोटो-जागरण

यमुनापार की सड़कों पर मलबे का अंबार। फोटो-जागरण

HighLights

  1. फुटपाथ पर मलबा जमा, राहगीर सड़क पर चलने को मजबूर।

  2. वाहनों से उड़ती धूल, स्वास्थ्य और यातायात बुरी तरह प्रभावित।

  3. रात में अवैध मलबा डंपिंग, नियमित निगरानी की कमी।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार की सड़कों पर निर्माण एवं विध्वंस मलबे के ढेर राहगीरों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। कहीं फुटपाथ पर मलबा जमा है तो कहीं इसका फैलाव सड़क तक पहुंच गया है। स्वामी दयानंद मार्ग से कड़कड़डूमा और आउटर रिंग रोड तक कई स्थानों पर ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है।

मलबे के कारण पैदल चलने वालों को फुटपाथ के बजाय सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, वाहनों के गुजरने से उड़ती धूल से यातायात प्रभावित होने के साथ स्थानीय लोगों और दुकानदारों की परेशानी भी बढ़ रही है।

सड़क के किनारे मलबे का अंबार

स्वामी दयानंद मार्ग पर सड़क किनारे निर्माण मलबे का अंबार लगा हुआ है। कई जगह मलबा सड़क के हिस्से तक फैल गया है। इससे वाहन चालकों को निकलने के लिए कम जगह मिलती है।

विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को मलबे और धूल के बीच रास्ता बनाकर निकलना पड़ता है। कड़कड़डूमा के व्यावसायिक क्षेत्र में खाली भूखंड पर भी निर्माण मलबे का ढेर जमा है। मुख्य सड़क के आसपास और रिहायशी इलाकों में पड़े मलबे से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

मलबा जमा होने के कारण राहगीरों की बढ़ी परेशानी

कांती नगर में सुभाष पार्क के पास मुख्य सड़क के फुटपाथ पर मलबा जमा होने से पैदल राहगीरों की परेशानी और बढ़ गई है। फुटपाथ पर जगह नहीं मिलने के कारण लोग तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पर चलने को मजबूर हैं।

इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं के लिए सड़क पर चलना विशेष रूप से जोखिम भरा है। वहीं, आउटर रिंग रोड के आसपास भी सड़क किनारे मलबा जमा होने से आवाजाही प्रभावित हो रही है।

मलबे के कारण स्वास्थ्य पर असर

मलबे का असर केवल रास्ता घेरने तक सीमित नहीं है। वाहनों के गुजरने से इसके बारीक कण हवा में फैलते हैं। इससे आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को दिनभर उड़ती धूल का सामना करना पड़ता है।

शाहदरा के स्थानीय निवासी प्रकाश का कहना है कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों से मलबा लाकर सड़क किनारे या खाली जगहों पर डाल दिया जाता है। कई बार सुबह तक मलबे का ढेर सड़क के बड़े हिस्से तक फैल जाता है। नियमित निगरानी और समय पर सफाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली समेत देश के शहरों में जहरीली हवा पर लगेगी लगाम! विशेषज्ञों ने तैयार किया 10 साल का एक्शन प्लान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।