विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली समेत देश के शहरों में जहरीली हवा पर लगेगी लगाम! विशेषज्ञों ने तैयार किया 10 साल का एक्शन प्लान

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:30 PM (GMT+05:30)

दिल्ली समेत देश के शहरों में बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए 'वायु 2026' नामक एक व्यापक 10-वर्षीय नीतिगत ढांचा तैयार किया गया है। जिसे जल्द ही केंद्र सरकार को सौंपा जाएगा।

प्रदूषण से निपटने के लिए 10 साल का रोडमैप तैयार। फोटो-जागरण आर्काइव

प्रदूषण से निपटने के लिए 10 साल का रोडमैप तैयार। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. वायु प्रदूषण से निपटने को 'वायु 2026' नीतिगत ढांचा।

  2. एआई आधारित प्रदूषण निगरानी और पूर्वानुमान का सुझाव।

  3. स्वच्छ ऊर्जा, टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने का रोडमैप।

शालिनी देवरानी, दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली समेत देश के शहरों में बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए विज्ञान, तकनीक, जलवायु परिवर्तन और जन स्वास्थ्य को जोड़कर एक व्यापक एकीकृत नीतिगत ढांचा तैयार करने की जरूरत है। यह सुझाव विशेषज्ञों की ओर से 'वायु 2026: शहरी वायु प्रदूषण, जलवायु और जन स्वास्थ्य' थीम पर तैयार पॉलिसी पेपर में दिए गए हैं।

इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में तैयार इस पालिसी पेपर में वायु गुणवत्ता सुधारने और प्रदूषण से होने वाले स्वास्थ्य जोखिम कम करने के लिए अगले 10 वर्षों का रोडमैप सुझाया गया है, जिसे जल्द ही केंद्र सरकार को सौंपा जाएगा।

प्रदूषण केवल पर्यावरणीय समस्या नहीं

पॉलिसी पेपर में बताया गया है कि वायु प्रदूषण को केवल पर्यावरणीय समस्या नहीं माना जा सकता, इसका सीधा संबंध शहरी विकास, जलवायु परिस्थितियों और लोगों के स्वास्थ्य से है।

वाहनों, औद्योगिक गतिविधियों, निर्माण कार्यों और ऊर्जा की बढ़ती खपत के कारण शहरों की हवा पर दबाव बढ़ रहा है और तापमान में बदलाव व हीट स्ट्रेस जैसी परिस्थितियां प्रदूषण के प्रभाव को जटिल बना रही हैं।

प्रदूषण का वास्तविक स्त्रोत पहचानना जरूरी

ऐसे में वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए मजबूत नेटवर्क तैयार करने, प्रदूषण के वास्तविक स्रोतों की पहचान करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की मदद से प्रदूषण का पूर्वानुमान लगाने की सिफारिश की गई है।

डीयू के श्री वेंकटेश्वर कालेज के अकादमिक सहयोग व अर्थ रूट फाउंडेशन की ओर से आयोजित सम्मेलन में पालिसी पेपर का ड्राफ्ट तैयार करने वाले डॉ. पूजा गोखले सिन्हा और डॉ. विवेक पंवार बताते हैं कि विशेषज्ञों के वक्तव्यों, चर्चाओं, निष्कर्षों व सिफारिशों के आधार पर पेपर बनाया है।

प्रतिभागियों की सहमति और सुझावों के बाद इसे अंतिम रूप देकर केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय संग साझा किया जाएगा और इसके बाद केंद्र सरकार को सौंपा जाएगा।

एआइ से प्रदूषण निगरानी और पूर्वानुमान का सुझाव

विशेषज्ञों ने पीएम 2.5 और पीएम 10 के साथ ब्लैक कार्बन, हाइड्रोकार्बन और वायुमंडलीय एरोसोल की निगरानी को भी जरूरी बताया है। इसके लिए महानगरों के अलावा छोटे शहरों, औद्योगिक क्षेत्रों और पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों में निगरानी नेटवर्क का विस्तार करने पर जोर दिया गया है।

प्रदूषण के स्रोतों का नियमित वैज्ञानिक अध्ययन कर क्षेत्रवार प्रदूषण के कारणों की पहचान करने व उसके अनुसार नियंत्रण के उपाय खोजने का सुझाव है। इसके अलावा एआइ और मशीन लर्निंग को वायु गुणवत्ता प्रबंधन का हिस्सा बनाकर प्रदूषण के स्तर का पूर्वानुमान लगाने और समय रहते चेतावनी जारी करने की व्यवस्था विकसित करने की बात भी सुझाई है।

सरकार के लिए प्रमुख सुझाव

  • छोटे शहरों व औद्योगिक क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों का विस्तार।
  • प्रदूषण के स्रोतों का वैज्ञानिक अध्ययन।
  • एआइ आधारित पूर्वानुमान और समय रहते चेतावनी जारी करने की व्यवस्था।
  • पर्यावरण और जन स्वास्थ्य से जुड़े आंकड़ों का एकीकरण।

स्वच्छ ऊर्जा और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा।

सुझाया गया दस साल का रोडमैप

पहले दो साल: प्रदूषण हाटस्पाट की पहचान, निगरानी नेटवर्क मजबूत करना और शहर स्तर पर वायु गुणवत्ता एवं स्वास्थ्य कार्ययोजना बनाना।

तीन से पांच साल: एआइ आधारित पूर्वानुमान प्रणाली विकसित करना और पर्यावरण एवं स्वास्थ्य डेटाबेस को जोड़ना।

पांच से दस साल: राष्ट्रीय स्तर पर एकीकृत वायु गुणवत्ता एवं जलवायु सूचना प्रणाली विकसित करना और जलवायु अनुकूल शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बनने जा रहे 10 सिग्नल-फ्री कॉरिडोर, बिना लालबत्ती पर रुके सरपट दौड़ेंगे वाहन; जाम से मिलेगी राहत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।