विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी दिल्ली में ट्रैक्टर माफिया का आतंक, सड़कों पर मलबा, डंपिंग से जनजीवन अस्त व्यस्त

Published: Wed, 25 Nov 2026 04:14 AM (IST)

यमुनापार में ट्रैक्टर माफिया रात के अंधेरे में निर्माण मलबे को सड़कों और खाली स्थानों पर अवैध रूप से डंप कर रहे हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।  

ट्रैक्टर माफिया बेलगाम ,यमुनापार की सड़कों पर मलबे का अंबार ( फोटो स्रोत : जागरण )

ट्रैक्टर माफिया बेलगाम ,यमुनापार की सड़कों पर मलबे का अंबार ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. ट्रैक्टर माफिया रात में अवैध रूप से मलबा डंप कर रहे हैं।

  2. मलबा सड़कों पर यातायात और पैदल यात्रियों के लिए बाधा बन रहा है।

  3. धूल प्रदूषण, दुर्घटना का खतरा और जनजीवन लगातार प्रभावित हो रहा है।

नीतीश कुमार, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार में बेलगाम ट्रैक्टर माफिया लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। निर्माण एवं विध्वंस कार्यों से निकलने वाले मलबे को रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों से लाकर खुले स्थानों, सड़क किनारे और फुटपाथ पर अवैध रूप से डंप किया जा रहा है।

हैरानी की बात है कि यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था इसे रोकने में नाकाम साबित हो रही है। ट्रैक्टर माफिया बेखौफ होकर खाली स्थानों और सड़क किनारे मलबा डाल रहे हैं।

यातायात हो रहा बाधित...

स्वामी दयानंद मार्ग से कड़कड़डूमा और आउटर रिंग रोड तक जगह-जगह जमा मलबा न केवल यातायात बाधित कर रहा है, बल्कि राहगीरों की सुरक्षा के साथ स्थानीय लोगों की परेशानी भी बढ़ा रहा है।

स्वामी दयानंद मार्ग पर सड़क के आधे से ज्यादा हिस्से पर मलबे के ढेर लगे हैं, जिससे वाहनों के निकलने की जगह कम हो गई है। राहगीरों का कहना है कि दोपहिया वाहन चालकों को मलबे और धूल के बीच से रास्ता बनाकर गुजरना पड़ता है। कड़कड़डूमा के व्यावसायिक क्षेत्र में खाली भूखंड पर भी मलबा जमा है।

मुख्य सड़क और आसपास के रिहायशी इलाकों में इसकी मौजूदगी सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। कांति नगर में सुभाष पार्क के पास मुख्य सड़क के फुटपाथ पर मलबा जमा होने से पैदल राहगीरों की आवाजाही मुश्किल हो गई है।

दुर्घटना का खतरा बना रहता है...

लोग तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पर चलने को मजबूर हैं। इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए यह स्थिति अधिक जोखिम भरी है।

कड़कड़डूमा के दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर मलबा फैलने से वाहनों के गुजरने पर दिनभर धूल उड़ती रहती है। इससे दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शाहदरा निवासी प्रकाश का कहना है कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों से मलबा लाकर जहां खाली जगह मिलती है, वहीं डाल दिया जाता है।

सुबह तक मलबे का ढेर लग जाता है। लोगों को रोजाना इस परेशानी से जूझना पड़ रहा है। एमसीडी के उपायुक्त अजहरुद्दीन काजी ने बताया कि लगातार मलबा उठवाया जा रहा है। साथ ही ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर मलबा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।


रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों से मलबा डालकर चालक निकल जाते हैं। सुबह रास्ता घिरा मिलता है। जाम और प्रदूषण की समस्या लगातार बढ़ रही है।-- धीरू

फुटपाथ पर मलबा जमा होने से पैदल चलना मुश्किल है। धूल और वाहनों के बीच बच्चों व बुजुर्गों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ता है।-- आसिफ

यह भी पढ़ें- एम्स रेवाड़ी में दिसंबर तक ओपीडी सेवाएं होंगी शुरू, निर्माण कार्य अंतिम चरण में



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।