विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली पर्यटन में नए युग की शुरुआत: यमुना नदी में क्रूज सेवा शुरू, सैलानियों को मिलेगा अनोखा अनुभव

Published: Wed, 11 Nov 2026 02:04 AM (IST)

दिल्ली में यमुना नदी पर सोनिया विहार से जगतपुर तक क्रूज सेवा शुरू हो गई है, जिसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया।

यमुना नदी में शुरू हुई क्रूज सेवा, दिल्ली पर्यटन को मिलेगी नई दिशा (एआई जेनरेटेड इमेज)

यमुना नदी में शुरू हुई क्रूज सेवा, दिल्ली पर्यटन को मिलेगी नई दिशा (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. यमुना पर सोनिया विहार से जगतपुर तक क्रूज सेवा शुरू।

  2. नदी आधारित पर्यटन, पर्यावरण अनुकूल जल परिवहन को मिलेगा बढ़ावा।

  3. किराया 500 रुपये, गर्मी में पानी की कमी बड़ी चुनौती।

सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। यमुना नदी पर मंगलवार से क्रूज सेवा शुरू हो गई। सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब छह किलोमीटर के हिस्से में संचालित होने वाली इस सेवा का केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार में लोकर्पण किया।

इस मौके पर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा, मनजिंदर सिंह सिरसा और सांसद मनोज तिवारी मौजूद रहे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री, सीएम ने क्रूज में सवार होकर सोनिया विहार से जगतपुर के पास तक यमुना में सफर किया।

जल परिवहन को मिलेगा बढ़ावा..

लोकार्पण के दौरान केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यमुना पर क्रूज सेवा शुरू होने से दिल्ली में नदी आधारित पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। यह पहल पर्यावरण अनुकूल जल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ राजधानी में पर्यटन की नई संभावनाएं भी विकसित करेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी केवल क्रूज या नौका सेवा नहीं है, बल्कि मां यमुना के प्रति आस्था और समर्पण से जुड़ी पहल है। इससे दिल्लीवासी यमुना के प्राकृतिक परिवेश को करीब से देख सकेंगे।

पहले लोगों को नाव और क्रूज की सवारी के लिए प्रयागराज या दूसरे शहरों में जाना पड़ता था, लेकिन अब दिल्ली में ही यह सुविधा मिलेगी। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि म्यूजिकल फाउंटेन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की गाथा और यमुना मैया की महिमा को संगीत के जरिये प्रस्तुत किया जाएगा।

यहां फूड जोन, गेमिंग गतिविधियों और बच्चों के लिए प्ले जोन की सुविधा भी विकसित की गई है। मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि यमुना के 52 किलोमीटर लंबे हिस्से के पुनर्जीवन का काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

पर्यटन गतिविधियों को मिलेगा बल

वजीराबाद से कालिंदी कुंज तक के हिस्से पर अगले चरण में विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसे पूरा होने में दो से ढाई वर्ष का समय लग सकता है।

केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा व सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि क्रूज सेवा शुरू होने से दिल्लीवासियों को यमुना को एक नए नजरिये से देखने का अवसर मिलेगा। इससे राजधानी में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

किराया और सालभर संचालन होगा चुनौती

क्रूज को सरकार भले ही दिल्ली के नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का दावा कर रही हो। लेकिन, क्रूज का किराया और गर्मी में यमुना के पानी का कम होना इसमें चुनौती बनेगा।

दरअसल, क्रूज शुरू होने के पहले ही दिन कई लोगों ने इसका किराया 500 रुपये प्रति व्यक्ति को अधिक बताया। लोगों का कहना था कि अगर परिवार के चार-पांच लोगों के साथ आते हैं तो दो हजार ढाई हजार तो सिर्फ क्रूज का लग जाएगा।

इसके अलावा मई जून में भीषण गर्मी के दौरान सोनिया विहार में यमुना में पानी कम हो जाता है। इस दौरान भी क्रूज संचालन में दिक्कत आ सकती है।

क्रूज सेवा एक नजर में

मार्ग : सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब छह किलोमीटर।

किराया : 500 रुपये प्रति यात्री।

प्रवेश शुल्क : परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये।

क्षमता : एक बार में 30 यात्री।

समय : करीब 35 से 45 मिनट।

क्रूज : दूसरा क्रूज फरवरी-मार्च 2027 तक लाने की योजना।

अन्य सुविधाएं : बच्चों का प्ले जोन, म्यूजिकल फाउंटेन, गेमिंग जोन आदि।

सेवा बंद : एक जुलाई से 30 सितंबर

यह भी पढ़ें- मिर्जापुर-झिंगुरा रेलखंड पर मिट्टी धंसने से रेल यातायात प्रभावित, 17 ट्रेनों का बदला रूट



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।