यमुना क्रूज में सफर के लिए करना होगा इंतजार, दीवाली के बाद और छठ से पहले शुरू करने की तैयारी
यमुना में दीवाली से पहले क्रूज का संचालन किया जाना था, लेकिन अब छठ महापर्व से पहले इसे शुरू किया जाएगा। सरकारी व्यस्तता के कारण प्रारंभिक योजना में देरी हुई।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
क्रूज संचालन दीपावली के बाद, छठ महापर्व से पहले शुरू होगा।
सोनिया विहार से जगतपुर शनि मंदिर तक होगा रोमांचक सफर।
एक क्रूज में 30 यात्री, 35-45 मिनट की जलयात्रा।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। यमुना में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए क्रूज चलाने की योजना अब दीवाली के बाद शुरू होगी। सरकार की तैयारी चार नवंबर से ही क्रूज का संचालन शुरू करने की थी, लेकिन दीवाली से पहले इसका शुभारंभ नहीं हो सका।
इसकी प्रमुख वजह दीपावली के आयोजन और उनसे जुड़ी तैयारियों में सरकार की व्यस्तता रही। इस कारण शुभारंभ कार्यक्रम के लिए समय निर्धारित नहीं किया जा सका।
छठ महापर्व से पहले शुरू करने की तैयारी
सरकारी स्तर पर दीवाली के आयोजन और अन्य कार्यक्रमों की व्यस्तता के चलते शुभारंभ के लिए समय नहीं मिल पाया। हालांकि क्रूज और उससे जुड़ी व्यवस्थाएं लगभग तैयार हैं।
पहले एक सप्ताह तक इसका परीक्षण भी किया गया था। अब दीवाली के बाद और छठ महापर्व से पहले इसे शुरू करने की तैयारी है।
एक क्रूज पर 30 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था
यमुना में क्रूज का संचालन सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक प्रस्तावित मार्ग पर किया जाएगा। इस दौरान यात्रियों को यमुना में लगभग 35 से 45 मिनट की सैर का अवसर मिलेगा। एक क्रूज में करीब 30 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है।
शुरुआती चरण में एक ही क्रूज संचालित किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से दिल्ली में नदी पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। साथ ही यमुना के किनारे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।