दिल्ली में पड़ेगी कड़ाके की सर्दी, 13 दिसंबर से बदल जाएगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार 13 दिसंबर से तापमान 20 डिग्री से नीचे जा सकता है। हालांकि अधिकतम तापमान में गिरावट का यह सिलसिला 11 दिसंबर से ही शुरू हो जाएगा।
नई दिल्ली [जेएनएन]। दिल्ली में अब तक कड़ाके की सर्दी का आगाज नहीं हुआ है, लेकिन अब 13 दिसंबर से दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। 11 और 12 दिसंबर को दिल्ली में हल्की बारिश होने से तापमान में खासी गिरावट होने के आसार हैं। गिरावट अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में होगी।
मौसम विभाग के अनुसार 13 दिसंबर से तापमान 20 डिग्री से नीचे जा सकता है। हालांकि अधिकतम तापमान में गिरावट का यह सिलसिला 11 दिसंबर से ही शुरू हो जाएगा। 11 दिसंबर की शाम से दिल्ली में हल्की बारिश होगी जो 12 दिसंबर को भी जारी रहेगी।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
उत्तर पश्चिम दिशा में 10 से 13 दिसंबर तक एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से दिल्ली ही नहीं, बल्कि पहाड़ों से लेकर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ आदि में भी मौसम का मिजाज बदलेगा। जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में 11 व 12 दिसंबर को बारिश और बर्फबारी होगी। इस कारण दिल्ली में 13 दिसंबर से कड़ाके की सर्दी पड़ेगी।
दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी
मौसम विभाग के अनुसार 13 दिसंबर को भी दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 11 से 14 दिसंबर तक हवा की गति भी 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे तक बनी रहेगी। लिहाजा, अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को धूप में तपिश भी बृहस्पतिवार की तुलना में कम रही।
यह भी पढ़ें: हवा की रफ्तार ने फिर बजाई खतरे की घंटी, दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण का स्तर
यह भी पढ़ें: तेज धूप व हवा की गति के कारण गिरा प्रदूषण का स्तर, आसार अब भी अच्छे नहीं