हैंडबॉल के मैदान से छात्र राजनीति के नए चेहरे तक, कौन हैं DUSU के नए संयुक्त सचिव लक्ष्यराज सिंह?
DUSU Election 2026 दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के लक्ष्यराज सिंह ने संयुक्त ...और पढ़ें

कौन हैं लक्ष्यराज सिंह?
HighLights
लक्ष्यराज सिंह ने डूसू संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की।
वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैंडबॉल खिलाड़ी और 'खेलो भारत' संयोजक हैं।
खेल सुविधाएं और छात्र सुरक्षा उनके मुख्य एजेंडे में शामिल हैं।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। DUSU Election 2026 दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रत्याशी लक्ष्यराज सिंह ने संयुक्त सचिव पद पर कब्जा जमाया है। कड़े मुकाबले में उन्होंने 16,615 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए यह जीत दर्ज की।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैंडबॉल खिलाड़ी से लेकर छात्र राजनीति के नए चेहरे के रूप में उभरे लक्ष्यराज सिंह की यह यात्रा खेल और युवा नेतृत्व का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करती है।
राजस्थान के चूरू से DU तक का सफर
राजस्थान के चूरू जिले की ग्रामीण पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाले लक्ष्यराज सिंह ने साल 2019 में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज में बी.ए. (ऑनर्स) राजनीति विज्ञान में दाखिला लेकर अपनी पढ़ाई की शुरुआत की थी।
स्नातक की डिग्री पूरी करने के बाद वर्तमान में वे दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर, विधि संकाय से कानून की पढ़ाई कर रहे हैं।
मैदान में तिरंगा फहराने वाला अंतरराष्ट्रीय एथलीट
लक्ष्यराज सिंह की पहचान केवल एक छात्र नेता तक सीमित नहीं है, बल्कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैंडबॉल खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है।
इसके अलावा, राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने नेशनल गेम्स में राजस्थान और नेशनल यूनिवर्सिटी गेम्स में दिल्ली विश्वविद्यालय की टीम की ओर से खेलते हुए अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
ABVP और 'खेलो भारत' से जुड़ाव
वर्ष 2020 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) में शामिल होने के बाद से लक्ष्यराज संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों को संभालते आए हैं। वर्तमान में वे ABVP के 'खेलो भारत' आयाम के प्रदेश खेल सह-संयोजक के रूप में कार्यरत हैं।
अपनी इस भूमिका के जरिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों में छात्रों को खेल गतिविधियों, फिटनेस और नेतृत्व विकास से जोड़ने के लिए कई अभियान चलाए हैं।
खेल सुविधाएं और छात्र सुरक्षा मुख्य एजेंडा
लक्ष्यराज की उम्मीदवारी और जीत से परिसरों में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और छात्र सुरक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आए हैं। सत्यनिकेतन हादसे के बाद छात्रों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर हुए आंदोलनों में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी।
एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी होने के नाते, DU के कॉलेजों में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं, बेहतर ट्रेनिंग और सुरक्षात्मक माहौल तैयार करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं DUSU के नए अध्यक्ष यश डबास? छात्र सुरक्षा के मुद्दे पर लड़ा था चुनाव, मार्कशीट को लेकर हुआ था विवाद
यह भी पढ़ें- ABVP ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के 4 में से 3 पदों पर जीत हासिल की, निर्दलीय उम्मीदवार ने रचा इतिहास
