विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंतजार खत्म: अब घरों में गूंजेगी शहनाई, दिल्ली-NCR में 5 लाख शादियां; नोट करें शुभ मुहूर्त की टाइमिंग

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:58 AM (IST)

दिल्ली में शादियों का सीजन शुरू हो गया है, देवउठनी एकादशी (21 नवंबर) से विवाह समारोह आरंभ होंगे। बाजारों में रौनक बढ़ गई है और कैट के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 5 लाख शादियों से ₹2.50 लाख करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।

शादी की रस्में निभाते कपल। फाइल फोटो - जागरण

शादी की रस्में निभाते कपल। फाइल फोटो - जागरण

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दीवाली और छठ पूजा के बाद अब घरों में शादी की तारीखों पर चर्चा शुरू हो गई है। कोई बेटी की शादी के लिए कपड़े खरीद रहा तो कोई बेटे की बरात की तैयारियों में जुटा है।

बाजारों में साड़ियों, आभूषणों और अन्य सामान की खरीदारी बढ़ने लगी है। बैंड-बाजा संचालकों से लेकर कैटरिंग और बैंक्वेट हाल संचालकों तक के पास बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी हैं। जिन घरों में शादी तय है, वहां मेहमानों की सूची बनाने से लेकर कार्ड बांटने तक की तैयारियां चल रही हैं।

चार महीने से मांगलिक कार्यों का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अब शुभ घड़ी आ गई है। 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह समारोह शुरू हो जाएंगे। इसके साथ ही राजधानी में एक बार फिर शहनाई और बैंड-बाजे की धुन सुनाई देने लगेगी।

विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य शुरू

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी से भगवान विष्णु चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य शुरू हो जाते हैं।

चांदनी चौक स्थित श्री सत्यनारायण मदिंर के पुजारी रमेश चंद शर्मा के अनुसार, इस बार 20 और 21 नवंबर को एकादशी तिथि का संयोग है, लेकिन 20 नवंबर को दशमी तिथि में सूर्योदय होने के कारण 21 नवंबर की एकादशी मान्य होगी। इसका शुभ मुहूर्त शाम 5:26 से 5:52 बजे तक गोधूलि बेला में रहेगा। विवाह के मुहूर्त 21 नवंबर से 13 दिसंबर तक हैं। इसके बाद एक माह यानी 14 जनवरी तक मलमास जारी रहेगा।

5 लाख शादियों से बाजार को मिलेगी रफ्तार

कन्फेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के आकलन के मुताबिक, इस सीजन में दिल्ली समेत एनसीआर में करीब पांच लाख शादियां होने का अनुमान है। इससे लगभग 2.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। इसमें दिल्ली में 1.75 लाख करोड़ और एनसीआर में 75 हजार करोड़ रुपये का कारोबार शामिल है।

शादी की खरीदारी के लिए चांदनी चौक, सदर बाजार, करोल बाग, लाजपत नगर और गांधी नगर जैसे बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी। आभूषण, कपड़े, जूते, उपहार और घरेलू सामान के साथ होटल, बैंक्वेट हाल, कैटरिंग, टेंट, फूलों की सजावट और फोटोग्राफी के कारोबार को भी गति मिलेगी।

21 नवंबर की शादी के लिए 6 महीने पहले से बुकिंग

पंडित रमेश चंद शर्मा के मुताबिक, 21 नवंबर को विवाह के शुभ मुहूर्त को लेकर करीब छह महीने पहले से ही बुकिंग शुरू हो गई थीं। वहीं, बैंक्वेट संचालक विजय कपूर का कहना है कि बैंक्वेट हाल पूरे माह के लिए बुक हो चुके हैं। इसके अलावा बैंड-बाजा और कैटरिंग संचालकों के भी चेहरे खिल उठे हैं।

यह भी पढ़ें- 4 महीने बाद आज जाग रहे हैं श्री हरि: देवउठनी एकादशी पर शाम ढलते ही करें ये 3 काम, खुलने लगेंगे बंद रास्ते

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।