नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। इन दिनों एंफ्लुएंजा व कई तरह की वायरल बीमारियां पहले से फैली हुई हैं। डाक्टरों का कहना है कि बारिश और मौसम में बदलाव होने के कारण एलर्जी, अस्थमा व सांस की अन्य बीमारियों के साथ एंफ्लुएंजा सहित अन्य वायरल संक्रमण बढ़ने की आशंका है। डाक्टरों ने मौसम में अचानक हुए बदलाव के कारण लोगों को स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
फोर्टिस अस्पताल के पल्मोनरी मेडिसिन के विशेषज्ञ डा. विकास मौर्या ने कहा कि मौसम में अचानक बदलाव के होने पर शरीर खुद को आसानी से मौसम के अनुकूल ढाल नहीं पाता। इसलिए खांसी, जुकाम, एलर्जी, अस्थमा, सांस से संबंधित संक्रमण और वायरल संक्रमण बढ़ेगा। मौजूदा मौसम वायरल संक्रमण के अनुकूल है। एंफ्लुएंजा का संक्रमण भी बढ़ सकता है। तापमान बढ़ने पर वायरल संक्रमण घटेगा।
बचाव के तरीके
- वायरल संक्रमण से बचाव के लिए भीड़ वाली जगहों पर न जाएं।
- साफ सफाई का ध्यान रखें, घर के आसपास पानी जमा न होने दें।
- खान पान में फल, हरी सब्जियों व पौष्टिक चीजों का इस्तेमाल करें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, ज्यादा ठंडा पानी न पिएं।
- बाहर मास्क लगान निकलें।
तापमान बढ़ने पर फसल को हो सकता है नुकसान
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान पूसा के प्रधान विज्ञानी डा. जेपीएस डबास ने कहा कि जहां ओले पड़े हैं वहां फसल को नुकसान होगा। सरसों की फसल तैयार होने को है। बारिश के बाद तापमान अचानक बढ़ने पर सरसों की फसल को नुकसान होगा। जहां गेहूं की बुआई देर से हुई है वहां गेहूं की फसल को फायदा होगा। सब्जियों की बेल वाली फसलों को बारिश से नुकसान होगा। इसलिए किसानों को सचेत रहने की जरूरत है।
गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में करीब डेढ़ माह बाद शनिवार को कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में कुल 4.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कुछ इलाकों में ओले भी पड़े। बरसात व मध्यम स्तर की ठंडी हवा चलने के कारण शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। शनिवार इस माह का सबसे ठंडा दिन रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सहित अगले 3 दिनों तक कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार व सोमवार के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में मध्यम स्तर की भी बारिश हो सकती है। रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। इस माह यह पहला मौका है जब अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। हालांकि, सुबह न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।
लोधी रोड में अधिकतम तापमान 23.6 व मयूर विहार में 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस था।
पक्षिमी विक्षोभ के चलते हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने, दक्षिणी राजस्थान, उत्तरी गुजरात और उत्तर पश्चिमी राजस्थान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने और उत्तर पूर्व अरब सागर से उत्तर पूर्व राजस्थान तक एक टर्फ बने होने के कारण दिल्ली सहित कई इलाकों में बारिश हुई। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दिल्ली में दो मिलीमीटर बारिश और सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 2.2 मिलीमीटर बारिश हुई। दिल्ली में इससे पहले 30 जनवरी को बारिश हुई थी। फरवरी में एक दिन भी बारिश नहीं हुई थी।