उत्तम नगर तरुण हत्याकांड: रात में नींद खुल जाती है, लगता है बेटा मदद के लिए पुकार रहा है,' बोले पिता मेमराज
उत्तम नगर में होली के दिन तरुण की हत्या के बाद उनके पिता मेमराज गहरे सदमे में हैं। वे रात ...और पढ़ें

उत्तम नगर में होली के दिन 26 वर्षीय तरुण की बेरहमी से हत्या।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। उत्तम नगर में होली के दिन जिस 26 वर्षीय तरुण की बेरहमी से हत्या हुई, उनके पिता मेमराज आज भी बेटे की याद में टूटे हुए हैं। घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी परिवार इस सदमे से उबर नहीं पाया है।
मेमराज कहते हैं कि कई बार रात में अचानक उनकी नींद खुल जाती है और उन्हें ऐसा महसूस होता है जैसे उनका बेटा तरुण सहायता के लिए आवाज लगा रहा हो। भावुक होते हुए मेमराज ने कहा कि कई बार उन्हें लगता है कि कहीं यह सब कोई बुरा सपना तो नहीं। वह रात में उठकर तरुण के कमरे में चले जाते हैं और उसके बिस्तर को देर तक निहारते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि हर वक्त मन में यही ख्याल आता है कि काश उस दिन बेटे को फोन कर देता, उसे बता देता कि संभलकर आना। शायद ऐसा करता तो वह सतर्क रहता और उसके साथ इतना बुरा नहीं होता। पुलिस ने मामले में 16 आरोपितों को पकड़ लिया है, लेकिन अब अदालत से उम्मीद है कि सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, ताकि भविष्य में कोई इस तरह का अपराध करने की हिम्मत न कर सके।
उन्होंने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज में करीब 22 लोग नजर आए हैं। परिवार ने पुलिस को दी गई शिकायत में उन सभी के नाम भी दिए हैं और मांग की है कि इस साजिश में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
घटना से पहले धमकियों से ऐसा माहौल बना दिया था कि पलायन तक सोचना पड़ रहा था। मेमराज के मुताबिक आरोपित पहले भी अक्सर परिवार को धमकियां देते थे। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने ऐसा माहौल बना दिया था कि परिवार और आसपास के लोगों ने इलाका छोड़कर पलायन करने तक के बारे में सोचना शुरू कर दिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि होली के दिन मामूली पानी के गुब्बारे के छींटे पड़ने को बहाना बनाकर पहले घर की महिलाओं के साथ बदसलूकी की गई और बाद में उनके बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
उन्होंने कहा कि सरकार ने मुख्य आरोपित के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई कर उनकी न्याय की मांग को कुछ हद तक स्वीकार किया है। हालांकि उनका कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपितों के अवैध निर्माणों पर भी इसी तरह की कार्रवाई होनी चाहिए।
गौरतलब हो कि होली के दिन 4 मार्च को उत्तम नगर, हस्तसाल के जेजे कालोनी में पानी के गुब्बारे गिरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक हो गया था। आरोप है कि एक पक्ष के कई लोगों ने मिलकर होली की रात 26 वर्षीय तरुण पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया था और आक्रोशित लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। हालात को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
हत्याकांड के बाद से इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अब भी दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।त रुण के परिवार का कहना है कि उन्हें अब अदालत से न्याय की उम्मीद है। उनका मानना है कि दोषियों को कड़ी सजा मिलने से ही उनके बेटे की आत्मा को सच्ची शांति मिलेगी।
