दिल्ली एयरपोर्ट से ईरान की उड़ानें हो सकती हैं बंद, 1500 यात्रियों की बढ़ेगी मुसीबत; लंबा और महंगा होगा सफर
अमेरिका के नए प्रतिबंधों के कारण ईरानी एयरलाइंस को आज से अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ईंधन और ग्राउंड हैंडलिंग जैसी सेवाएं मिलने में दिक्कतें आ सकती हैं।

ईरान की उड़ानें दिल्ली एयरपोर्ट पर हो सकती हैं ठप। फोटो: सांकेतिक
HighLights
आज से ईरानी एयरलाइंस पर अमेरिका के कड़े प्रतिबंध प्रभावी
आईजीआई एयरपोर्ट पर ईंधन-ग्राउंड हैंडलिंग में आ सकती है बाधा
दिल्ली-तेहरान के बीच सीधी उड़ानें होंगी प्रभावित, यात्री परेशान
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। 23 सितंबर यानि आज से ईरानी एयरलाइंस पर अमेरिका के नए और कड़े प्रतिबंध प्रभावी हो गए हैं। अमेरिकी वित्त मंत्रालय (ट्रेजरी) ने चेतावनी जारी की है।
चेतावनी के मुताबिक यदि कोई भी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट या ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी ईरानी एयरक्राफ्ट को फ्यूल, लैंडिंग सुविधा या टिकट बिक्री सहायता देती है, तो उसे अमेरिकी डालर बैंकिंग सिस्टम से बेदखल कर दिया जाएगा।
इस अप्रत्यक्ष (सेकेंडरी) प्रतिबंध का सीधा असर IGI एयरपोर्ट पर भी दिखाई दे सकता है।
IGI पर स्थिति और प्रभाव
वर्तमान में तेहरान और नई दिल्ली के बीच महान एयर व ईरान एयर जैसी उड़ानों का परिचालन होता रहा है। नए दिशानिर्देश लागू होने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर इन कंपनियों को फ्यूल सप्लाई और ग्राउंड हैंडलिंग सर्विसेज मिलने में गंभीर अड़चनें आ सकती हैं।
एयरपोर्ट आपरेटर और भारतीय एविएशन कंपनियां सेकेंडरी प्रतिबंधों के डर से इन उड़ानों को सेवाएं देने से हिचक सकती हैं, जिससे ईरान जाने और वहां से आने वाली सीधी उड़ानें रद या निलंबित हो सकती हैं।
यात्रियों की आवाजाही
दिल्ली और तेहरान के बीच सीधी उड़ान के जरिए हर हफ्ते लगभग 1,000 से 1,500 यात्रियों की आवाजाही होती है। इनमें मुख्य रूप से भारतीय व्यापारी, छात्र, तीर्थयात्री और कूटनीतिक प्रतिनिधि शामिल हैं।
इसके अलावा, ईरान के जरिए अन्य मध्य-पूर्व या यूरोपीय देशों के लिए कनेक्टिंग रूट लेने वाले यात्री भी इस फैसले से प्रभावित होंगे। सीधी सेवा बंद होने की स्थिति में यात्रियों को दुबई, दोहा या मस्कट होकर लंबा और महंगा सफर तय करना पड़ सकता है।
