दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में UPSC छात्र ने की खुदकुशी, पढ़ाई के तनाव से परेशान था; सुसाइड नोट बरामद
ओल्ड राजेंद्र नगर में यूपीएससी की तैयारी कर रहे आंध्र प्रदेश के एक अभ्यर्थी ने पढ़ाई के तनाव के कारण ...और पढ़ें

यूपीएससी के छात्र ने की आत्महत्या। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में यूपीएससी की तैयारी कर रहे एक अभ्यर्थी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के अल्टा भरत कुमार रेड्डी के रूप में हुई है।
वह इसी वर्ष दिल्ली आया था और राजेंद्र नगर में किराए के मकान में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है।
इसमें युवक ने पढ़ाई से जुड़े तनाव से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आरएमएल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। परिवार को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
कमरे का दरवाजा तोड़कर पहुंची पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर 2:38 बजे पुलिस को ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित मकान नंबर 11ए/16 से एक युवक के फांसी लगाने की पीसीआर कॉल मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिसकर्मियों ने उसे तोड़ा।
अंदर पहुंचने पर युवक पंखे से लटका मिला। पुलिस ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सुसाइड नोट में पढ़ाई के तनाव का जिक्र
इसके बाद मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें पढ़ाई से संबंधित तनाव का जिक्र है।
पुलिस नोट की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
साजिश के संकेत नहीं
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश या अन्य गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
परिवार के दिल्ली पहुंचने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यूपीएससी अभ्यर्थियों की आत्महत्या के मामले
- 21 जुलाई 2024 : ओल्ड राजेंद्र नगर में महाराष्ट्र के अकोला की यूपीएससी अभ्यर्थी अंजलि ने आत्महत्या की थी।
- 20 सितंबर 2024 : मुखर्जी नगर में यूपीएससी की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय दीपक कुमार मीणा का शव दशहरा मैदान के पास जंगलनुमा क्षेत्र में मिला था।
- 19 जुलाई 2025 : ओल्ड राजेंद्र नगर में जम्मू के 25 वर्षीय यूपीएससी अभ्यर्थी तरुण ठाकुर ने अपने किराए के कमरे में की थी आत्महत्या।
- 9 अक्टूबर 2021 : ओल्ड राजेंद्र नगर में भदोही की 25 वर्षीय आकांक्षा मिश्रा का शव किराए के कमरे में मिला था। वह यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा देने वाली थीं।
यह भी पढ़ें- PM की विदेश यात्राओं का ब्योरा नहीं होगा पब्लिक, दिल्ली HC में CIC के आदेश को वायु सेना ने दी थी चुनौती
