IITF 2026: भारत मंडपम में 14 नवंबर से सजेगा 45वां व्यापार मेला, इस बार क्या है खास और कब से जा सकेंगे आम लोग?
45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 14 से 27 नवंबर तक भारत मंडपम में 'विकास और विरासत' थीम पर आयोजित ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड।
HighLights
45वां IITF 14 से 27 नवंबर तक भारत मंडपम में।
'विकास और विरासत' थीम पर 3500 से अधिक प्रदर्शक।
19 नवंबर से आम जनता के लिए खुलेगा व्यापार मेला।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाला 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) इस बार विकास और विरासत के संगम के रूप में नजर आएगा। 'विकास और विरासत' थीम पर आधारित मेले में देश-विदेश के 3500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे।
17 हॉल में एक लाख वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में लगने वाले इस मेले में 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के अलावा 11 देशों की भागीदारी होगी। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 13 नवंबर को मेले का उद्घाटन करेंगे।
इस बार मेले का खास आकर्षण करीब 600 स्टार्टअप होंगे, जिन्हें हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में जगह दी जाएगी। यहां डीप टेक, कृषि तकनीक, ड्रोन, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य और शिक्षा तकनीक से जुड़े नए प्रयोग और उत्पाद देखने को मिलेंगे।
वहीं, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) पवेलियन में 21 राज्यों के पारंपरिक उत्पाद, हस्तशिल्प, खानपान और स्थानीय संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।

चार राज्य होंगे पार्टनर, चार फोकस में
मेले में बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश पार्टनर राज्य होंगे, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस राज्यों के रूप में शामिल होंगे। ये राज्य अपने स्थानीय उद्योगों, हस्तशिल्प, पर्यटन, पारंपरिक उत्पादों और विकास योजनाओं को प्रदर्शित करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय भागीदारी में थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश सहित 11 देशों के प्रदर्शक शामिल होंगे।
90 से अधिक फूड आउटलेट, 87 सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेले में इस बार प्लेवर्स@मंडपम नाम से डिजिटल मनोरंजन और शैक्षणिक गतिविधियों का विशेष अनुभव भी मिलेगा। 90 से अधिक आउटलेट वाले फूड कोर्ट में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। सात अलग-अलग स्थलों पर 87 सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इनमें शास्त्रीय और लोक संगीत के साथ मंगनियार सेडक्शन, सलिम-सुलेमान, हरिहरन एवं पृथ्वी गंधर्व जैसे कलाकारों की प्रस्तुतियां शामिल हैं। कुछ कार्यक्रमों में प्रवेश मेले के टिकट से होगा, जबकि चुनिंदा प्रस्तुतियों के टिकट बुकमाईशो पर उपलब्ध होंगे।

19 नवंबर से आम लोगों के लिए खुलेगा मेला
मेले के शुरुआती पांच दिन यानी 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डेज होंगे। इस दौरान प्रवेश बीटूबी आगंतुकों के लिए आरक्षित रहेगा। आम लोगों के लिए मेला 19 नवंबर से 27 नवंबर तक खुलेगा। मेले का समय सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक रहेगा। आम दर्शकों को शाम 5:30 बजे तक प्रवेश मिलेगा।
टिकट ऑनलाइन, आईआईटीएफ के आधिकारिक मोबाइल एप और दिल्ली मेट्रो के 55 स्टेशनों पर उपलब्ध होंगे। सामान्य दिनों में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को वैध सरकारी पहचान पत्र दिखाने पर निशुल्क प्रवेश मिलेगा। दर्शकों के लिए दिल्ली मेट्रो, शटल सेवा, कैब और ऑटो के निर्धारित पिकअप प्वाइंट तथा पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
आईआईटीएफ के अध्यक्ष जावेद अशरफ के अनुसार, पिछले वर्ष मेले में करीब 18 लाख दर्शक पहुंचे थे। इस बार इससे अधिक लोगों के आने की उम्मीद है। मेले में 51 केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की भी भागीदारी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।