विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली ट्रेड फेयर में एंट्री हुई महंगी, टिकट के बढ़े दाम; जानें नई दरें

Published: Mon, 09 Nov 2026 07:12 PM (IST)

दिल्ली में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार दर्शकों को कई नए आकर्षण देखने को मिलेंगे, लेकिन प्रवेश टिकट की दरों में बढ़ोतरी की गई है।

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला। फोटो-जागरण आर्काइव

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. टिकट दरों में 25 से 66 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी।

  2. स्टार्टअप मंच, जिला उत्पाद मंडप, बच्चों का मनोरंजन क्षेत्र।

  3. भगवान महावीर निर्वाण कथा का विशेष आयोजन 15 नवंबर को।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत मंडपम में 13 नवंबर से शुरू होने जा रहे 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आइआइटीएफ) में इस बार दर्शकों को कई नए आकर्षण देखने को मिलेंगे। मेले में पहली बार स्टार्टअप के लिए विशेष मंच, देशभर के जिलों के खास उत्पादों का अलग मंडप और बच्चों के लिए गेमिंग व मनोरंजन क्षेत्र तैयार किया जा रहा है।

इसके अलावा 90 से अधिक खानपान के स्टाल भी होंगे। हालांकि, इन आकर्षणों के बीच दर्शकों को इस बार मेले में घूमने के लिए जेब भी अधिक ढीली करनी पड़ेगी। चार साल बाद प्रवेश टिकट की दरों में बढ़ोतरी की गई है। सामान्य दिनों में वयस्कों का टिकट 80 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये और सप्ताहांत में 150 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया गया है।

क्या है आयोजित मेले की थीम?

भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आइटीपीओ) की ओर से आयोजित 45वें मेले की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है। 14 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ 12 देशों की भागीदारी होगी। देश-विदेश के 3500 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों, सेवाओं, तकनीक और कारोबार से जुड़ी उपलब्धियों का प्रदर्शन करेंगे।

टिकट के दाम में 25 से 66 प्रतिशत तक बढ़ोतरी

मेले में प्रवेश के लिए इस बार अलग-अलग श्रेणियों के टिकट महंगे किए गए हैं। सामान्य कार्यदिवसों में वयस्कों का टिकट 80 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये किया गया है। सप्ताहांत और राजपत्रित अवकाश के दिन यह 150 रुपये के बजाय 200 रुपये का होगा।

बच्चों के टिकट की कीमत भी सामान्य दिनों में 40 से बढ़ाकर 50 रुपये और सप्ताहांत में 60 से बढ़ाकर 100 रुपये कर दी गई है। इस तरह बच्चों के सप्ताहांत वाले टिकट में करीब 67 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, कारोबारियों के लिए बिजनेस डे के टिकट की कीमत 500 रुपये रखी गई है।

टिकट दरों में बदलाव का उद्देश्य

आइटीपीओ के अनुसार, टिकट दरों में बदलाव का उद्देश्य आमदनी बढ़ाना नहीं, बल्कि कीमतों को वास्तविक लागत के अनुरूप रखना है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को आम दर्शकों के लिए निर्धारित दिनों यानी 19 से 27 नवंबर तक वैध पहचान पत्र दिखाने पर निश्शुल्क प्रवेश मिलेगा।

महावीर कथा का आयोजन

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के बीच भारत मंडपम में इस बार व्यापार और प्रदर्शनी के साथ भगवान महावीर के जीवन-दर्शन और जैन धर्म की ऐतिहासिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। 15 नवंबर को भारत मंडपम में ‘महावीर निर्वाण कथा मेरे महावीर 3.1’ का आयोजन होगा।

इसमें संगीत, संवाद, पात्रों और विशेष दृश्य संयोजन के माध्यम से भगवान महावीर के जीवन के अंतिम कालखंड और निर्वाणकालीन पावापुरी को जीवंत किया जाएगा। भगवान महावीर देशना फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस संगीतमय कथा का वाचन राजीव जैन सीए करेंगे।

महावीर के अंतिम यात्रा को किया जाएगा प्रस्तुत

इस प्रस्तुति का मुख्य आकर्षण वह पावापुरी होगा, जहां भगवान महावीर ने अपना अंतिम चातुर्मास किया, अंतिम देशना दी और कार्तिक अमावस्या की रात निर्वाण प्राप्त किया था। कथा के माध्यम से दर्शकों को उस समय के वातावरण और ऐतिहासिक प्रसंगों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

इसमें भगवान महावीर के अंतिम चातुर्मास, अंतिम समवसरण, अंतिम देशना, निर्वाण और गौतम स्वामी के केवल ज्ञान प्राप्त करने तक की यात्रा प्रस्तुत की जाएगी। कथा को केवल वाचन तक सीमित न रखते हुए इसमें विभिन्न पात्रों की भूमिका भी शामिल की गई है। पावापुरी के तत्कालीन राजा हस्तिपाल की भूमिका मनोज जैन (निगम पार्षद) निभाएंगे, जबकि कुंडग्राम के राजा नंदीवर्धन की भूमिका सुधीर जैन करेंगे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली से 30 किलोमीटर दूर यह शहर बना गैस चैंबर, हवा जहरीली होने की 10 बड़ी वजह जानिए

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।