शराब पीते हुए बंद कैब में सोने से हुई दो युवकों की मौत, शरीर पर चोट के नहीं मिले निशान
नरेला के खेड़ा खुर्द में एक कैब से दो युवकों, विकास और बिजेंद्र, के शव संदिग्ध हालत में मिले। पुलिस ...और पढ़ें

खेड़ा खुर्द में एक कैब से संदिग्ध हालात में दो शव मिले।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। नरेला औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित खेड़ा खुर्द में मंगलवार सुबह 11 बजे एक कैब से संदिग्ध हालात में दो शव मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान कैब के तीन पाउच मिले हैं।
ऐसे में आशंका जाहिर की जा रही है कि शराब पीने के बाद दोनों युवक कैब के अंदर ही सो गए। कैब के गेट व शीशे बंद होने के कारण दम घुटने से दोनों की मौत हो गई होगी। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय विकास और 36 वर्षीय बिजेंद्र उर्फ भोला के रूप में हुई है। विकास का शव चालक वाली सीट पर जबकि बिजेंद्र का शव पीछे वाली सीट पर पड़ा मिला है।
दोनों खेड़ा खुर्द गांव के ही रहने वाले थे। बिजेंद्र मृतक विकास का मौसेरा भाई था। पुलिस पीड़ित परिवार से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि मंगलवार की सुबह एनआईए थाना क्षेत्र पुलिस को जानकारी मिली कि एक एक सफेद रंग की आरा कैब सड़क किनारे नाले के पास खड़ी है। जिसमें दो लोग बेसुध पड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कैब के शीशे बंद थे जो लॉक नहीं थी।
गाड़ी के अंदर से बदबू आ रही थी। जांच करने पर कार के अंदर शराब के तीन पाउच भी मिले, जिनमें से दो सीलबंद हालत में और एक खुला बिना सीलबंद हालत में मिला। स्थानीय लोगों से पूछताछ और आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान पता चला कि वह कैब सोमवार दोपहर करीब दो बजे से मौके पर खड़ी थी, और उसके बाद किसी भी व्यक्ति को कैब में अंदर या बाहर जाते नहीं देखा गया। क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया और क्राइम सीन का इंस्पेक्शन किया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि राकेश कुमार कैब का मालिक है। जो अंबेडकर कालोनी, खेड़ा खुर्द में किराये के मकान में रहता है। जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का रहने वाला है। कैब मालिक ने बताया कि विकास उनका कैब चलाता था।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान, दम घुटने से मौत की आशंका
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले। दोनों लोग बंद गाड़ी के अंदर मिले और अंदर से बदबू आ रही थी। ऐसा लगता है कि मौतें दम घुटने से हुई होंगी। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम जांच के बाद पता चलेगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक की जांच में कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सही कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
पत्नी ने कहा, विकास तीन दिनों से खूब पी रहा था शराब
जानकारी के मुताबिक विकास अपनी पत्नी पूजा, दो बच्चे और माता-पिता के साथ खेड़ाखुर्द में रहता था। पत्नी पूजा ने बताया कि एक महीने से विकास ने शराब नहीं पी थी। पिछले तीन दिनों से खूब शराब पी रहा था। सोमवार सुबह 11 बजे कैब की चाबी लेकर घर से निकला था। जिसके बाद मंगलवार सुबह 11 बजे विकास की मौत की जानकारी मिली। विकास का न तो घर में ही और नहीं बाहर किसी से झगड़ा हुआ था। सबकुछ अच्छा चल रहा था। पीड़ित परिवार ने इस मामले में पुलिस अधिकारी से जांच की मांग की है।
बिजेंद्र व विकास दोनों अच्छे दोस्त थे
बिजेंद्र पलंबर का काम करता था। जो अपने माता-पिता के साथ खेड़ा खुर्द में ही रहता था। पीड़ित परिवार ने बताया कि बिजेंद्र मृतक विकास का मौसेरा भाई था। और एक अच्छे दोस्त भी थे। दोनों कहीं भी जाते एक साथ जाते थे। एक साथ ही घर से बाहर घूमने के लिए भी निकलते थे। सोमवार को भी दोनों साथ निकले थे। जो वापस नहीं लौटे।
