विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में पार्किंग नियम तोड़ने वाले सावधान! गलत जगह पर गाड़ी खड़ी करने पर 7 दिन में कटे 5,082 चालान

Published: Mon, 21 Sep 2026 07:21 PM (IST)

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गलत पार्किंग के खिलाफ 14 से 20 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 5,082 चालान ...और पढ़ें

बीते सात दिनों में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 5,082 चालान काटे जबकि 456 वाहनों को क्लैंप किया गया। प्रतीकात्मक तस्वीर

बीते सात दिनों में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 5,082 चालान काटे जबकि 456 वाहनों को क्लैंप किया गया। प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. ट्रैफिक पुलिस ने गलत पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया।

  2. सात दिन में 5,082 चालान काटे, 456 वाहन क्लैंप।

  3. सड़कों को अतिक्रमण और जाम से मुक्त रखना उद्देश्य।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली की सड़कों पर गलत तरीके से और सड़क किनारे वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पूर्वी रेंज ट्रैफिक पुलिस ने 14 से 20 सितंबर तक विशेष अभियान चलाकर पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। सात दिन चले अभियान के दौरान पुलिस ने 5,082 चालान काटे गए, जबकि यातायात में बाधा डालने वाले 456 वाहनों को क्लैंप किया गया।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी

पूर्वी रेंज की यातायात पुलिस उपायुक्त श्वेता सिंह चौहान के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य सड़कों को अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किंग से मुक्त रखना, पार्किंग के कारण होने वाली भीड़ को कम करना और यातायात की सुरक्षित व सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करना था। इसके लिए पूर्वी रेंज की प्रमुख सड़कों, व्यावसायिक और बाजार क्षेत्रों, व्यस्त चौराहों, जाम प्रभावित स्थानों और गलत पार्किंग के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की गई।

ट्रैफिक पर असर होगा कम

अभियान के दौरान उन स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया, जहां वाहन चालक बार-बार नियमों का उल्लंघन करते हैं। सड़क किनारे या गलत तरीके से खड़े वाहनों के कारण सड़क की उपलब्ध जगह कम होने और यातायात प्रभावित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे स्थानों पर कर्मियों की तैनाती कर पार्किंग व्यवस्था पर नजर रखी।

कई लग चुका है ट्रैफिक जाम

अधिकारी के मुताबिक, गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और कई बार वाहनों की गति प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति भी बनती है। खासकर बाजार, चौराहों और व्यस्त मार्गों पर अनधिकृत पार्किंग का असर अधिक दिखाई देता है।

प्रतिबंधित स्थानों पर पार्किंग से बचने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़क, फुटपाथ, चौराहे और ट्रैफिक सिग्नल के आसपास प्रतिबंधित स्थानों पर पार्किंग करने से बचें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात में बाधा बनने वाली और गलत तरीके से की गई पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में मजबूत होंगे छोटे और मध्यम उद्योग, बाजार के लिए तैयार करने को सरकार की नई योजना

यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस का 'ऑपरेशन शस्त्र', लॉरेंस और हडल गिरोह से जुड़े बदमाश पकड़े गए; 20 अवैध हथियार बरामद