दिल्ली पुलिस का 'ऑपरेशन शस्त्र', लॉरेंस और हडल गिरोह से जुड़े बदमाश पकड़े गए; 20 अवैध हथियार बरामद
रोहिणी जिला पुलिस के 'ऑपरेशन शस्त्र' के तहत लॉरेंस बिश्नोई और हडल गिरोह से जुड़े बदमाश पकड़े गए हैं, जिनमें अंशु, रोहन, आकाश और राहुल शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन शस्त्र।
HighLights
रोहिणी पुलिस ने 'ऑपरेशन शस्त्र' चलाकर 74 आरोपितों को पकड़ा।
लॉरेंस बिश्नोई और हडल गिरोह से जुड़े बदमाश गिरफ्तार हुए।
20 अवैध आग्नेयास्त्र और मादक पदार्थ बड़ी मात्रा में बरामद।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। रोहिणी जिला पुलिस के ऑपरेशन शस्त्र के तहत ऐसे बदमाश भी पकड़े गए हैं, जिनके तार कुख्यात लॉरेंस विश्नोई व हडल गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे अंशु और रोहन को पकड़ा गया है।
वहीं, एक अन्य हडल गिरोह से जुड़े आकाश और राहुल भी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं। पुलिस इन आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क और पूर्व मामलों में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। इस अभियान के दौरान कुल 74 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चार हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं।
घोषित अपराधियों और जमानत पर बाहर आए आरोपितों का सत्यापन
पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल के अनुसार, 17 से 20 सितंबर तक चलाए गए अभियान में संगठित अपराध, स्ट्रीट क्राइम और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। करीब 300 पुलिसकर्मियों वाली 16 टीमों ने संवेदनशील इलाकों में गश्त, पिकेटिंग और संदिग्धों की जांच के साथ हिस्ट्रीशीटर, घोषित अपराधियों और जमानत पर बाहर आए आरोपितों का सत्यापन किया।
अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के मामलों में 28 आरोपितों और दो किशोर को भी गिरफ्तार किया गया, पुलिस ने कुल 20 अवैध आग्नेयास्त्र बरामद किए। इनमें 17 देसी तमंचे और तीन अत्याधुनिक पिस्तौल शामिल हैं। इनमें इटली निर्मित बेरेटा पिस्तौल भी शामिल बताई गई है। इसके अलावा 31 जिंदा और दो खाली कारतूस तथा छह चाकू बरामद किए गए।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि दोनों लॉरेंस गिरोह से संबंधित
नांगलोई निवासी रोहन उर्फ डमरू को बेरेटा पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया। उसका नाम जबरन वसूली के एक मामले में भी सामने आया है। वहीं नांगलोई निवासी अंशु को देशी तमंचे और कारतूस के साथ दबोचा गया है। पूछताछ में पता चला है कि दोनो लॉरेंस गिरोह के लिए काम करते थे।
पुलिस अब दोनों के कनेक्शन और हथियारों के स्रोत की जांच कर रही है। अभियान में हथियारों के अलावा 801 ग्राम हेरोइन, 104 ग्राम मार्फिन और 17 ग्राम कोकीन बरामद किए जाने के अलावा जुआ गतिविधियों के खिलाफ 11 मामले दर्ज कर 27 लोगों को पकड़ा गया और 1,75,650 रुपये की दांव राशि बरामद की गई। इसके अलावा कुछ अन्य आरोपितों को विभिन्न मामले में पकड़े गए।
