दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों की तलाश में अभियान तेज, नौ पर कार्रवाई
उत्तरी जिला पुलिस ने बुराड़ी में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया। ...और पढ़ें

दिल्ली में अवैध तरीके से रह रहे विदेशियों के खिलाफ अभियान तेज।
HighLights
उत्तरी जिला पुलिस ने बुराड़ी में चलाया विशेष अभियान।
13 विदेशी नागरिकों का सत्यापन, नौ पर हुई कार्रवाई।
वीजा अवधि समाप्त या वैध दस्तावेज न होने पर पकड़े गए।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए उत्तरी जिला पुलिस की टीम ने बुराड़ी में विशेष अभियान चलाया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने इलाके में जांच के दौरान 13 विदेशी नागरिकों का सत्यापन किया।
इनमें नौ के खिलाफ अप्रवासन नियमों के तहत कार्रवाई की गई। इनमें चार की वीजा अवधि खत्म हो चुकी थी, जबकि पांच वैध पासपोर्ट या वीजा संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बुराड़ी थाना पुलिस ने सात सितंबर को बाबा कालोनी में जांच के दौरान नाइजीरिया के विक्ट्री इसिमाह, गाडस्पावर इकेचुक्वु और अलीउ सिसे को पकड़ा। विक्ट्री के वीजा की समय सीमा समाप्त हो चुकी थी, जबकि बाकी दोनों वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
चंदन विहार, प्रगति एन्क्लेव और मौर्या एन्क्लेव में जांच अभियान
तीनों को एफआरआरओ के सामने पेश किया गया, जहां प्रतिबंध आदेश जारी होने के बाद उन्हें लांबपुर स्थित केंद्र भेज दिया गया। इसके बाद 16 सितंबर की सुबह स्पेशल स्टाफ, फॉरनर सेल और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने चंदन विहार, प्रगति एन्क्लेव और मौर्या एन्क्लेव में जांच अभियान चलाया।
यहां घाना, नाइजीरिया, आइवरी कोस्ट, युगांडा और कैमरून के 10 विदेशी नागरिक मिले। इनमें ऐन फेवरिट माइकल, एलिसे ड्जोनबा, एबुह हैप्पीनेस और गाडस्टाइम इकेचुक्वु चुक्वुमा के वीजा की अवधि खत्म मिली। कोस्टा अब्राहम और रेमंड मदुका एजे वैध पासपोर्ट या वीजा संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा सके।
लांबपुर और सराय रोहिल्ला के केंद्र भेज दिया गया
सभी छह को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय के सामने पेश करने के बाद लांबपुर और सराय रोहिल्ला के केंद्र भेज दिया गया। इनके खिलाफ आगे की इमिग्रेशन कार्रवाई की जा रही है। विस्तृत सत्यापन में तीन अन्य विदेशी नागरिक युगांडा की नदगीरे मिजी, घाना के इमैनुएल ओवुसु न्सियाह और नाइजीरिया के संडे चिकीजी के खिलाफ आपराधिक मामले अदालत में लंबित मिले।
मामले अदालत में लंबित होने के कारण उन्हें मौजूदा अप्रवासन कार्रवाई से अलग रखा गया। बाकी के वीजा वैध मिलने पर उन्हें भी छोड़ दिया गया। पुलिस के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों और आव्रजन स्थिति का नियमित सत्यापन करना है।
