दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा टिल्लू ताजपुरिया गैंग का सदस्य मक्खी, अपहरण के मामले में था वांछित
दिल्ली पुलिस के आउटर नार्थ जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने कुख्यात टिल्लू ताजपुरिया गैंग के सक्रिय सदस्य पवन उर्फ मक्खी को गिरफ्तार किया है।
-1795328585571_m.webp)
दिल्ली पुलिस। फाइल फोटो - सोशल मीडिया
HighLights
दिल्ली पुलिस ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के सदस्य को पकड़ा।
पवन उर्फ मक्खी अपहरण के मामले में वांछित था।
आउटर नार्थ जिले की स्पेशल स्टाफ टीम को मिली सफलता।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली पुलिस के आउटर नार्थ जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के सक्रिय सदस्य पवन कुमार उर्फ मक्खी (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
आरोपी अलीपुर थाने में दर्ज अपहरण, गलत तरीके से बंधक बनाने और हथियार के बल पर धमकाने के मामले में वांछित था।
आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता को अगवा किया और पिस्टल दिखाकर उसे पहले दर्ज आपराधिक मामले में समझौता करने के लिए मजबूर किया था।
पुलिस के अनुसार, गांव अकबरपुर माजरा निवासी राकेश कुमार प्रॉपर्टी डीलर ने पुलिस को बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को आरोपी नरेंद्र उर्फ भोलू ने उन्हें घर के बाहर बुलाया और जबरन महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन में बैठा लिया। इसमें पवन कुमार उर्फ मक्खी मौजूद था।
आरोपी उन्हें पल्ला-झंगोला रोड और बख्तावरपुर स्थित सुनील तंवर उर्फ राजू के कार्यालय समेत अलग-अलग स्थानों पर ले गए। आरोपियों ने उसको बंधक बनाकर धमकी दी व दबाव बनाया।
अलीपुर थाने में दर्ज एफआईआर वापस लेने और पवन उर्फ मक्खी व उसके साथियों के खिलाफ गवाही नहीं देने के लिए मजबूर किया।
आरोप है कि इस दौरान पवन ने पिस्टल तानकर उसे जान से मारने की धमकी दी और डराकर समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कराए।
इस मामले में थाना अलीपुर में 29 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल की गई कथित पिस्टल बरामद करने, समझौता पत्र का पता लगाने और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
सह आरोपी की गिरफ्तारी के बाद फरार था पवन
पुलिस ने 30 अक्टूबर को नरेंद्र उर्फ भोलू को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर वारदात में कथित इस्तेमाल स्कार्पियो-एन भी बरामद की। पवन उर्फ मक्खी लगातार फरार चल रहा था। उसने रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका भी दायर की थी, जिसे 6 नवंबर को अदालत ने खारिज कर दिया और गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आउटर नार्थ जिला स्पेशल स्टाफ की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की और 21 नवंबर को पवन कुमार उर्फ मक्खी को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई एसीपी बादली फिरोज आलम के नेतृत्व और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर विश्वेंद्र चौधरी की निगरानी में की गई। टीम में एसआई मनोज तोमर, एसआई विश्वेंद्र सिंह, एसआई दिनेश त्यागी, एएसआई सुरेश नरवाल, हेड कांस्टेबल विक्रांत, विनय, रविंदर और कांस्टेबल हसीन शामिल रहे।
कई मामलों में रहा शामिल
गिरफ्तार आरोपी पवन उर्फ मक्खी टिल्लू ताजपुरिया गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इसमें वर्ष 2012 का अलीपुर थाने का मामला, वर्ष 2026 का हरियाणा के कुंडली थाने का मामला और अलीपुर थाने में दर्ज एक अन्य आपराधिक मामला शामिल है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस ने पीछा कर दबोचे गैंगस्टर रोहित गोदारा के 3 शूटर, 5 करोड़ की रंगदारी के लिए की थी फायरिंग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।