दिल्ली पुलिस ने पीछा कर दबोचे गैंगस्टर रोहित गोदारा के 3 शूटर, 5 करोड़ की रंगदारी के लिए की थी फायरिंग
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इन पर पीतमपुरा में एक व्यापारी से 5 करोड़ की रंगदारी न मिलने पर फायरिंग करने का आरोप है।
-1764402752021_v-1795327373820_m.webp)
दिल्ली पुलिस। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
गैंगस्टर रोहित गोदारा के तीन गुर्गे दिल्ली में गिरफ्तार।
पीतमपुरा में व्यापारी के घर फायरिंग मामले में वांछित थे।
पुलिस ने रोहिणी से पीछा कर हथियारों सहित दबोचा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने विदेश में छिपे कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के तीन गुर्गे को गिरफ्तार किया है।
5 करोड़ रुपये रंगदारी न देने पर तीनों ने बीते 28 अक्टूबर को पीतमपुरा में एक व्यापारी के घर के बाहर फायरिंग की थी जिस मामले में ये वांछित थे।
क्राइम ब्रांच ने इन्हें कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद आखिरकार रोहिणी इलाके से दबोच लिया। तीनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में दिल्ली आए थे।
दो सेमी आटोमैटिक पिस्टल बरामद
पुलिस ने इनके कब्जे से दो सेमी आटोमैटिक पिस्टल, एक कट्टा, 12 कारतूस और वारदात में इस्तेमाल एक बाइक और एक कार बरामद की गई है।
विशेष आयुक्त, क्राइम ब्रांच, एचजीएस धालीवाल के मुताबिक गिरफ्तार किए गए शूटरों के नाम निखिल कुमार, शुभम व मोक्ष है।
करनाल का रहने वाला है मोक्ष
निखिल मूलरूप से मुजफ्फरनगर (यूपी) का रहने वाला है लेकिन कुछ वर्षों से समालखा (हरियाणा) में रह रहा था। शुभम भी मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। मोक्ष, करनाल का रहने वाला है।
बीते 28 अक्टूबर की सुबह पांच बजे उत्तर-पश्चिम जिले के सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र स्थित पीतमपुरा में साहिल जैन उर्फ ''गूगल'' नाम के व्यापारी के घर के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।
पुलिस ने दर्ज किया था केस
हमलावरों ने उनकी कार पर भी गोलियां चलाई थीं। जांच में पता चला था कि रोहित गोदारा द्वारा पांच करोड़ रंगदारी मांगने पर व्यापारी द्वारा रंगदारी देने इनकार करने पर उसने अपने शूटरों को फायरिंग करने का निर्देश दिया था। जिससे जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।
वहीं, केस की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने केस को क्राइम ब्रांच में ट्रांसफर कर दिया था।
रोहिणी से तीन गिरफ्तार
डीसीपी संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में एसीपी विवेकानंद पाठक, इंस्पेक्टर मान सिंह और इंस्पेक्टर सुंदर गौतम की टीम ने लगातार तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के जरिए 500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक बदमाशों का पीछा किया और आखिरकार रोहिणी से तीनों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ से पता चला कि बदमाश मोक्ष विदेश में बैठकर रोहित गोदारा गिरोह का काम संभाल रहे करीबी सहयोगी ''विवेक'' और फरार बदमाश ''प्रदीप'' के सीधे संपर्क में था। मोक्ष स्थानीय गुर्गों और विदेशी हैंडलर्स के बीच कड़ी का काम करता था और लाजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराता था।
मोक्ष ने ही दिहाड़ी मजदूरी करने वाले निखिल कुमार को लग्जरी लाइफस्टाइल और मोटी रकम का लालच देकर गिरोह में शामिल किया था। पीतमपुरा में फायरिंग करने के लिए निखिल को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी, जिसके बाद निखिल ने फरार बदमाश प्रदीप के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
वहीं, तीसरा आरोपित शुभम अपने दोस्त निखिल के जरिए इस रंगदारी की साजिश में शामिल हुआ था। पुलिस अब फरार बदमाश प्रदीप की तलाश में जुटी है और गिरोह के स्थानीय नेटवर्क को खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें- 20 करोड़ की साइबर ठगी का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस ने 5 दिन के ऑपरेशन में 22 ठगों को दबोचा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।