विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NEET पेपर लीक रोकने के लिए टेलीग्राम पर पाबंदी का मामला पहुंचा दिल्ली HC, आज ही होगी सुनवाई

Published: Wed, 17 Jun 2026 11:26 AM (IST)Updated: Wed, 17 Jun 2026 11:27 AM (IST)

केंद्र सरकार के नीट-यूजी परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर लगाए अस्थायी प्रतिबंध को चुनौती दी गई है। दिल्ली हाई कोर्ट इस मामले पर तत्काल सुनवाई करेगा।

दिल्ली हाई कोर्ट इस मामले पर बुधवार को ही तत्काल सुनवाई करेगा।

दिल्ली हाई कोर्ट इस मामले पर बुधवार को ही तत्काल सुनवाई करेगा।

HighLights

  1. टेलीग्राम ने नीट प्रतिबंध के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की।

  2. एनटीए ने फर्जी प्रचार रोकने के लिए प्रतिबंध को जरूरी बताया।

  3. टेलीग्राम सीईओ ने भारत सरकार के फैसले की कड़ी निंदा की।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नीट-यूजी की 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा से पहले अपने प्लेटफाॅर्म पर अस्थायी रोक लगाने के केंद्र सरकार के निर्णय के विरुद्ध टेलीग्राम ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख़ किया है। हाई कोर्ट इस मामले पर बुधवार को ही तत्काल सुनवाई करेगा।

इस मामले का उल्लेख टेलीग्राम की तरफ से न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ के समक्ष किया गया था। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े फ्रॉड और पेपर लीक के गलत प्रचार को रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा टेलीग्राम पर कुछ समय के लिए प्रतिबंध लगाना पड़ा।

अभिषेक सिंह ने एक विशेष साक्षात्कार में बताया था, 'हमें यह बड़ा कदम उठाना पड़ा क्योंकि स्कैम करने वाले और धोखेबाज लगातार टेलीग्राम प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल कर रहे थे। वे नकली प्रश्न पत्रों को भावी नीट परीक्षा के असली प्रश्न पत्र बताकर वायरल कर रहे थे और छात्रों की बेचैनी का फायदा उठाकर उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे थे।'

इसके लिए एनटीए ने टेलीग्राम अधिकारियों के साथ बैठक की और ऐसे ग्रुप्स एवं चैनल्स को ब्लॉक करने का अनुरोध किया जिनमें स्पष्ट रूप से नीट लीक पेपर का दावा किया जा रहा था। इसके अंतर्गत 200 से ज्यादा चैनल ब्लॉक किए गए।

वहीं, इस बीच मैसेजिंग एप के फाउंडर और सीईओ पावेल डुरोव ने एक्स पर लिखा, 'भारत के आईटी मंत्रालय ने एक सप्ताह के लिए टेलीग्राम पर बैन लगा दिया क्योंकि कुछ यूजर्स ने परीक्षा के लीक हुए सवाल शेयर किए थे। इससे भारत में टेलीग्राम के 15 करोड़ से ज्यादा आम यूजर्स को सजा मिल रही है न कि उन लोगों को जिन्होंने परीक्षा का मैटीरियल लीक किया था। इस बैन से कुछ भी नहीं रुका। लीक्स दूसरे एप्स पर चली गईं।' पावेल ने इस फैसले की आलोचना की है।

बता दें कि तीन मई को हुई नीट की परीक्षा के पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने रद कर दिया था। पेपर लीक मामले में अब तक 13 आरोपितों को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है और सभी न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद हैं।

यह भी पढ़ें- NEET परीक्षा से पहले ही वायरल हो गया 'असली पेपर'? NTA के DG ने खोला बड़ा राज; टेलीग्राम पर प्रतिबंध

यह भी पढ़ें- भारत में टेलीग्राम पर अस्थायी रोक, नीट एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार का बड़ा फैसला