विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तम नगर तरुण हत्याकांड: आरोपी अमरुद्दीन के अवैध मकान पर चला बुलडोजर, महिला आरोपी अभी भी पकड़ से दूर

Published: Mon, 09 Mar 2026 05:00 AM (IST)

उत्तम नगर में तरुण हत्याकांड के एक आरोपी अमरुद्दीन के अवैध मकान के हिस्से को निगम ने ढहा दिया। होली ...और पढ़ें

दिल्ली उत्तम नगर तरुण हत्याकांड। जागरण

दिल्ली उत्तम नगर तरुण हत्याकांड। जागरण

HighLights

  1. तरुण हत्याकांड के आरोपी अमरुद्दीन के घर पर बुलडोजर चला।

  2. अवैध अतिक्रमण कर नाले की जमीन पर बनाया था मकान।

  3. होली विवाद में हुई तरुण की हत्या, सात आरोपी गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। उत्तर प्रदेश में जिस तरह से अपराधियों के मकान और अन्य प्रतिष्ठानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाती है, कुछ ऐसा ही दिल्ली में भी देखने को मिला है। यहां उत्तम नगर थाना क्षेत्र में होली के दिन पानी से भरे गुब्बारे के छींटे पड़ने के विवाद में तरुण नामक युवक की हत्या के मामले में पकड़े गए आरोपियों में से एक के मकान पर हथौड़ा चला।

बुलडोजर के साथ पहुंचे निगम के दस्ते ने यहां मकान के अवैध हिस्से को ढहा दिया। निगम की इस कार्रवाई को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की चेतावनी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। एक दिन पहले मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

इस मामले में पुलिस ने एक और आरोपी इमरान उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया है। उधर, पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपित इमरान उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया है। मामले की छानबीन जारी है।

नाले की जमीन को अतिक्रमण करके बनाया

रविवार सुबह निगम पश्चिमी जोन के मेंटेनेन्स विभाग के दस्ते ने आरोपी अमरुद्दीन के घर पर पूरी तैयारी के साथ दस्तक दी। अमरु्दीन का घर हस्तसाल श्मसान भूमि की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे और तरुण की गली की शुरुआत पर कोने में बना है। नियमों को ताक पर रखते हुए इसने अपने मकान का काफी हिस्सा नाले की जमीन को अतिक्रमण करके बनाया हुआ था।

निगम के अधिकारियों का कहना है कि करीब साढ़े चार फीट आगे इसने जमीन पर कब्जा कर रखा था। इससे गली का प्रवेश द्वार काफी संकरा हो गया था। लोगों को गली में प्रवेश में दिक्कत होती थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जब भी लोग आपत्ति करते थे, इसका पूरा परिवार झगड़ा करने लगता था। इसने ऐसी दशहत फैला रखी थी, लोग इसे कुछ भी कहने से बचते थे, इससे इसकी हिम्मत बढ़ने लगी।

गली के लोगों को रविवार सुबह जब यह पता लगा कि आज इसके घर के अवैध हिस्से को ढहाया जाएगा, तो लोग इसके घर के सामने जुटने लगे। लोगों की भीड़ जुटती देख निगम अधिकारियों के कहने पर पुलिस सक्रिय हुई और आसपास बैरिकेट लगा दिया गया।

वहीं, पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान तैनात कर दिए गए। निगम की कार्रवाई के दौरान कोई व्यवधान नहीं हो, इसके लिए सैकड़ों की संख्या में जवान तैनात रहे। मामले की निगरानी के लिए दर्जनों एसीपी रैंक के अधिकारी पूरे इलाके में तैनात रहे।

पुलिस के पर्याप्त बंदोबस्त के बाद निगम के दस्ते ने पहले आरोपित के घर के बाहरी हिस्से पर बनी दीवार पर बुल्डोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। इसके बाद भूतल के अन्य हिस्से ढहाए गए। फिर एक एक करके सभी उपरी मंजिलों के बाहरी हिस्सों पर हथौड़े पूरे दिन चलते रहे।

सूत्रों की मानें तो अभी इस मामले से जुड़े वे सभी आरोपित जिन्होंने नियमों को ताक पर रखकर मकान का अवैध विस्तार किया है, उस पर हथौड़ा चलता रहेगा। निगम के अधिकारियों ने इस कार्रवाई को रूटीन से जुड़ी कार्रवाई करार दिया और कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई इसके पूर्व राजौरी गार्डन व पंखा रोड में हुई है और अब यहां हो रही है।

अब तक सात गिरफ्तार

चार मार्च को हाेली के दिन रात के समय उत्तम नगर पुनर्वासित कालोनी में रहने वाले तरुण को उनके घर के नजदीक आरोपितों ने बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी मौत हुई। इस घटना के बाद बाद से ही पुलिस लगातार आरोपितों को गिरफ्तार कर रही है।

रविवार को हुई गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में गिरफ्तार आरोपिताें की संख्या बढ़कर सात हो गई है। एक नाबालिग आरोपित को भी पकड़ा गया है। इससे पूर्व गिरफ्तार किए गए आरोपितों में अमरुद्दीन, जमाउद्दीन, मुश्ताक, कमरुद्दीन, मुजफ्फर व ताहिर शामिल है।

उन्हें गिरफ्तार किया जाता रहेगा

पुलिस का कहना है कि छानबीन के दौरान जिस हिसाब से आरोपितों के नाम सामने आते जाएंगे, वैसै- वैसे आरोपितों के नाम प्राथमिकी में दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार किया जाता रहेगा। पुलिस अधिकारी का कहना है कि इस मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर प्राथमिकी में एससीएसटी एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है।

इसके बाद अब इस मामले में जांच अधिकारी की भूमिका एसीपी को सौंपी गई है। नए जांच अधिकारी अब पीड़ित पक्ष के लोगों का बयान नियम के अनुसार आन कैमरा दर्ज कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली तरुण हत्याकांड: खून से सने हाथ का निशान बना 'खून की होली' का गवाह

महिला आरोपी अभी भी पकड़ से दूर

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकरण में अभी तक इस झगड़े की जड़ दो महिलाएं, अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। दोनों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। पुलिस का कहना है है कि इस मामले में जो भी आरोपी हैं, वे शीघ्र ही पकड़ में आएं, इसके लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।