विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मासूम के चेहरे और पैर पर मिले जलने के निशान, मां पर गर्म प्रेस से जलाने का आरोप; पार्षद पहुंचे बचाने

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:52 PM (IST)

दिल्ली के स्वरूप नगर में एक 10 वर्षीय बच्चा गर्म प्रेस से झुलस गया, जिस पर उसकी मां पर शरारत के लिए जलाने का आरोप है। मां ने इसे एक हादसा बताया है, जबकि पुलिस और चाइल्ड वेलफेयर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

घायल बच्चे की अस्पताल में मां से बात करते पार्षद जोगेंद्र सिंह। सौ: पार्षद

घायल बच्चे की अस्पताल में मां से बात करते पार्षद जोगेंद्र सिंह। सौ: पार्षद

HighLights

  1. स्वरूप नगर में 10 साल का बच्चा गर्म प्रेस से झुलसा।

  2. मां पर शरारत करने पर बच्चे को जलाने का आरोप लगा।

  3. पार्षद ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, पुलिस जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बादली विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-19 स्थित स्वरूप नगर में बुधवार को 10 साल के बच्चे के गर्म प्रेस से झुलसने का मामला सामने आया। आरोप है कि शरारत करने पर उसकी मां ने उसे गर्म प्रेस से तीन जगह जला दिया।

चेहरे और पैर पर तीन जगह जलाने की सूचना एक समाजसेवी नवीन ने स्थानीय पार्षद को दी। पार्षद ने बच्चे को उपचार के लिए बुराड़ी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, बच्चे की मां ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे हादसा बताया है।

सूचना मिलते ही पार्षद बच्चे को बचाने पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही पार्षद मौके पर पहुंचे और बच्चे की हालत देखकर पुलिस और चाइल्ड वेलफेयर विभाग को सूचना दी। साथ ही बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चाइल्ड वेलफेयर की ओर से प्रवीन भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। दूसरी ओर, बच्चे की मां ने उसे जानबूझकर जलाने के आरोपों को गलत बताया।

महिला ने सफाई में क्या-क्या कहा?

महिला ने कहा कि वह बिहार के पूर्णिया जिले की रहने वाली है। उसके तीन बच्चे हैं। पति बेलदारी करते हैं, जबकि वह खुद घरों में काम करती है। झुलसा बच्चा उसका सबसे छोटा बेटा है। वह बेटे को बार-बार समझाती है, लेकिन वह उसकी बात नहीं मानता।

महिला का दावा है कि वह कपड़ों पर प्रेस कर रही थी। प्रेस ऊपर रखी थी और वह बच्चे पर गिर गई। इससे वह झुलस गया और उस पर गलत आरोप लगा रहा है। उसका बेटा अक्सर घर से गायब रहता है और उसे आशंका है कि वह नशे की ओर बढ़ रहा है।

वहीं, देर शाम बच्चे से पूछा तो उसने कहा कि वह खुद जला है। बच्चे को माता-पिता पुलिस ने वीरवार को सुबह नौ बजे थाने में बुलाया है।

bachcha-jhulsa1

अस्पताल में घायल का हालचाल जानने पहुंचे पार्षद जोगेंद्र सिंह। सौ: पार्षद

पार्षद बोले- घायल हालत में मिला था बच्चा

स्थानीय पार्षद जोगेंद्र सिंह ने बताया कि समाजसेवी नवीन से सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे थे। उस समय बच्चा दर्द से तड़प रहा था। उन्होंने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस व चाइल्ड वेलफेयर विभाग को सूचना दी।

फिलहाल, मामले में पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चा किन परिस्थितियों में झुलसा है। मां के आरोपों से इन्कार और बच्चे को लेकर सामने आए आरोपों की भी जांच पुलिस करेगी। बच्चे का चेहरा व पैर और पैर का तलवा झुलस गए हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के 49 लग्जरी फ्लैट्स की नीलामी में नया पेंच, नुकसान हुआ तो NBCC की नहीं होगी जिम्मेदार

यह भी पढ़ें- दिल्ली कैंट में 50 वर्गमीटर से छोटा प्लाॅट है तो भी बनवा सकेंगे मकान? 25 साल के कब्जे पर मालिकाना हक नहीं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।