'सूर्या' फिल्म में जुड़ेगा खास डिस्क्लेमर, डॉक्टरों की याचिका पर दिल्ली HC में मेकर्स का जवाब
दिल्ली हाई कोर्ट ने 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' फिल्म के खिलाफ डॉक्टरों की याचिका का निपटारा कर दिया है। ...और पढ़ें

सूर्या फिल्म में जुड़ेगा डिस्क्लेमर। फोटो: इंटरनेट
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ में फिल्म के खिलाफ चिकित्सकों की याचिका पर फिल्म निर्माता ने दिल्ली हाई कोर्ट में जवाब दाखिल किया है।
न्यायमूर्ति अमित महाजन की पीठ के समक्ष फिल्म निर्माता की तरफ से बताया गया कि यह फिल्म काल्पनिक रचना है और इसमें एक डिस्क्लेमर जोड़ा जाएगा कि यह मूल मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ का रूपांतरण है।
निर्माताओं के आश्वासन के बाद पीठ ने कहा कि मामले में किसी आदेश की आवश्यकता नहीं है और याचिका का निपटारा कर दिया।
मलयालम फिल्म की रीमेक है सूर्या
फिल्म निर्माता की तरफ से यह जानकारी फिल्म के खिलाफ निजी अस्पताल के चिकित्सकों की याचिका पर दी गई। इसमें चिकित्सकों को भ्रष्ट दिखाने से स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा भड़कने की आशंका जताई गई थी।
याचिकाकर्ता डाॅ. निशांत सोनी, डाॅ. आशीष तोमर, डाॅ. रवि भाटिया और डाॅ. शिवम वत्सल ने याचिका में अधिकारियों से टीजर की जांच कराने और सिनेमैटोग्राफ एक्ट व सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की थी।
टीजर हटाने या ब्लॉक करने की भी मांग
साथ ही, जांच पूरी होने तक टीजर को ऑनलाइन मंचों से हटाने या ब्लॉक करने की मांग की गई थी। वहीं, फिल्म निर्माता एम एम मूवीज ने पीठ को बताया कि याचिकाकर्ताओं की आशंकाएं बेबुनियाद हैं और फिल्म मूल मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ का रीमेक है।