विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या 15,000 के मंथली बजट में दिल्ली में रहा और पढ़ा जा सकता है? DU में 17 जुलाई से हॉस्टल आवंटन शुरू

Published: Fri, 10 Jul 2026 09:22 AM (IST)

दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई का सपना अब 15 हजार रुपये प्रतिमाह के बजट में पूरा हो सकता है, जहाँ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सीमित खर्च में रहने की सुविधा मिलती है।

दिल्ली में पढ़ना और रहना 15000 रुपये के बजट में पूरा हो सकता है। फोटो: आर्काइव

दिल्ली में पढ़ना और रहना 15000 रुपये के बजट में पूरा हो सकता है। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. डीयू में 15 हजार रुपये मासिक बजट में पढ़ाई संभव

  2. हॉस्टल या साझा पीजी से रहने का खर्च कम करें

  3. सार्वजनिक परिवहन और योजनाबद्ध खर्च से बचत करें

लोकेश शर्मा, नई दिल्ली। काॅमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) के तहत दाखिला प्रक्रिया तेज होने के साथ ही देशभर के लाखों विद्यार्थियों की नजर एक बार फिर डीयू पर टिकी हैं।

उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, झारखंड और उत्तराखंड समेत कई राज्यों से हर साल बड़ी संख्या में छात्र डीयू पहुंचते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह सिर्फ बेहतर शिक्षा या प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि सीमित बजट में पढ़ाई और रहने की सुविधा भी है।

शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यदि छात्र सही योजना बनाए, हाॅस्टल के लिए समय पर आवेदन करें और साझा आवास का विकल्प चुनें, तो करीब 15 हजार रुपये प्रतिमाह के बजट में भी दिल्ली में रहकर पढ़ाई करना संभव है। डीयू के सूत्रों के मुताबिक 17 जुलाई से छात्रावास का आवंटन शुरू हो जाएगा।

कॉलेज के हॉस्टल से कम रहता है खर्च 

विश्वविद्यालय या कॉलेज का हॉस्टल मिलने पर छात्रों का सबसे बड़ा खर्च कम हो जाता है। हॉस्टल शुल्क अपेक्षाकृत कम होता है और भोजन भी रियायती दरों पर उपलब्ध हो जाता है। हालांकि सीमित सीटों के कारण सभी छात्रों को हॉस्टल नहीं मिल पाता।

ऐसे में कमला नगर, विजय नगर, मुखर्जी नगर, हडसन लेन, शक्तिनगर, सत्य निकेतन और मालवीय नगर जैसे इलाकों में दो या तीन छात्रों के साथ साझा पीजी सबसे लोकप्रिय विकल्प बनकर उभरे हैं।

पिछले प्रवेश सत्र में इन क्षेत्रों में साझा पीजी का किराया सामान्यतः 8,000 से 12,000 रुपये प्रतिमाह रहा, जिसमें कई जगह भोजन और वाई-फाई भी शामिल थे।

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की एक और बड़ी ताकत इसकी बेहतर कनेक्टिविटी है। नार्थ कैंपस के अधिकांश कॉलेज विश्वविद्यालय, जीटीबी नगर और सिविल लाइंस मेट्रो स्टेशन के आसपास स्थित हैं।

आने-जाने खर्च का मेट्रो से होगा मैनेज 

जबकि साउथ कैंपस के कॉलेज धौला कुआं, मालवीय नगर और कैलाश कालोनी जैसे मेट्रो स्टेशनों से जुड़े हैं। मेट्रो और डीटीसी बसों के इस्तेमाल से छात्र हर महीने लगभग 1,000 से 1,500 रुपये में आने-जाने का खर्च संभाल सकते हैं।

शिक्षकों के अनुसार, किताबें, नोट्स, फोटोकाॅपी और इंटरनेट जैसी शैक्षणिक जरूरतों पर 1,000 से 1,500 रुपये, जबकि मोबाइल रिचार्ज और दैनिक आवश्यकताओं पर 2,000 से 3,000 रुपये खर्च होते हैं। इस तरह साझा आवास और सार्वजनिक परिवहन अपनाने पर कुल मासिक खर्च लगभग 14 से 15 हजार रुपये के भीतर रखा जा सकता है।

कम फीस, मजबूत शैक्षणिक माहौल और उत्कृष्ट प्लेसमेंट भी डीयू को देश के सबसे पसंदीदा विश्वविद्यालयों में शामिल करते हैं। श्रीराम कॉलेज आफ कामर्स (एसआरसीसी), हिंदू कॉलेज, हंसराज कॉलेज, मिरांडा हाउस, लेडी श्रीराम कॉलेज, किरोड़ीमल कॉलेज और श्री वेंकटेश्वर कॉलेज जैसे संस्थानों में हर वर्ष देश की अग्रणी कंपनियां कैंपस प्लेसमेंट के लिए पहुंचती हैं।

यही वजह है कि सीमित बजट वाले छात्र भी दिल्ली विश्वविद्यालय को अपने करियर की सबसे मजबूत शुरुआत मानते हैं।

15 हजार रुपये का संभावित मासिक बजट

खर्च का विवरण संभावित मासिक बजट
साझा पीजी/हॉस्टल ₹8,000–10,000
स्थानीय परिवहन ₹1,000–1,500
किताबें, नोट्स व स्टेशनरी ₹1,000–1,500
मोबाइल, इंटरनेट व अन्य खर्च ₹2,000–3,000
कुल अनुमानित मासिक बजट करीब ₹15,000

यह भी पढ़ें- DU Admission 2026: डीयू में बीए (ऑनर्स) पॉलिटिकल साइंस की बढ़ी डिमांड, 10 अंक तक बढ़ सकती है कटऑफ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।