विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोबाइल पर 3D रामायण और कृष्ण लीला देखेंगे बच्चे, ट्रेड फेयर में छाया 'महायात्रा' AR एप; ऑफलाइन भी चलेगा

By GouriEdited By: Kushagra Mishra
Published: Wed, 25 Nov 2026 07:41 PM (IST)

बच्चों को मोबाइल की लत और अनुपयुक्त सामग्री से बचाने के लिए 'महायात्रा' नामक एआर ऐप विकसित किया गया है। यह एप ऑगमेंटेड रियलिटी तकनीक का उपयोग कर बच्चों को रामायण, कृष्ण लीला और शैक्षिक ज्ञान 3डी वीडियो के माध्यम से सिखाता है। 

भारतीय अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में आया एआर एप महायात्रा। फोटो: जागरण

भारतीय अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में आया एआर एप महायात्रा। फोटो: जागरण

HighLights

  1. 'महायात्रा' एआर एप बच्चों को भारतीय संस्कृति से जोड़ेगा।

  2. मोबाइल पर 3D रामायण और कृष्ण लीला के प्रसंग देखें।

  3. यह ऑगमेंटेड रियलिटी एप ऑफलाइन भी काम करता है।

गौरी शर्मा, नई दिल्ली। आज के दौर में मोबाइल की लत ऐसी है कि एक साल के बच्चे को भी खाना खिलाने के लिए अभिभावक मोबाइल पर कार्टून और मनोरंजक वीडियो चलाकर दे देते हैं।

धीरे-धीरे यही आदत बच्चों को स्क्रीन का आदी बना देती है। कई बार वीडियो देखते समय ऐसी आपत्तिजनक सामग्री भी सामने आ जाती है, जिसका बच्चों की परवरिश और सोच पर गलत असर पड़ सकता है।

इसी समस्या का समाधान तलाशते हुए टीम ने मिलकर बच्चों को मोबाइल के जरिये ही भारतीय संस्कृति और धार्मिक ज्ञान से जोड़ने की पहल की है। इसके लिए ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) तकनीक का सहारा लिया गया है।

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) के हाल नंबर-14 में प्रदर्शित इस स्टार्टअप के एप और विशेष कार्ड की मदद से बच्चे मोबाइल स्क्रीन पर रामायण और कृष्ण लीला के प्रसंग 3डी वीडियो के रूप में देख सकेंगे।

स्टार्टअप ने 'महायात्रा' नाम से एआर आधारित एप तैयार किया है।

एआर तकनीक से देख सकेंगे रामायण के प्रसंग

यह स्टार्टअप सीए आयुष, प्रोफेसर नरेंद्र कुमार और 3डी आर्टिस्ट साहिलजीत सिंह ने मिलकर शुरू किया। स्टाल पर मौजूद साहिलजीत सिंह ने बताया कि आजकल छोटे बच्चों में मोबाइल इस्तेमाल करने की आदत तेजी से बढ़ रही है।

कई बार पढ़ाई के लिए दिया गया मोबाइल मनोरंजन का जरिया बन जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने 'महायात्रा' नाम से एआर आधारित एप तैयार किया है। इसके साथ रामायण किट और स्मार्ट लर्निंग किट भी बनाई गई हैं।

इनकी मदद से बच्चों को मोबाइल के जरिए मनोरंजन के साथ धार्मिक और शैक्षिक जानकारी दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि रामायण की पूरी कहानी को 39 कार्ड में बांटा गया है।

हर कार्ड में एक विशेष प्रसंग है। बच्चे कार्ड को एप के कैमरे के सामने रखते ही उससे जुड़ा 3डी वीडियो देख सकते हैं। इसी तरह कृष्ण लीला के प्रसंग भी देखे जा सकते हैं।

अंग्रेजी और हिंदी सीखने के लिए भी कार्ड

कंपनी ने अंग्रेजी सीखने के लिए 52 कार्ड तैयार किए हैं, जिनमें 26 कैपिटल और 26 स्मॉल अल्फाबेट हैं। हिंदी वर्णमाला के लिए भी अलग कार्ड उपलब्ध हैं। इस तकनीक का इस्तेमाल एंड्रॉयड मोबाइल और टैबलेट पर किया जा सकता है।

एप डाउनलोड करने के बाद कैमरे से कार्ड स्कैन करना होता है। इसके बाद संबंधित विषय का दृश्य स्क्रीन पर दिखाई देने लगता है। उन्होंने बताया कि इसकी खासियत यह है कि एप को इस्तेमाल करने के लिए इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं होती। 

यह ऑफलाइन भी काम करता है। कंपनी का उद्देश्य बच्चों की मोबाइल में रुचि को सीखने, भारतीय संस्कृति और धार्मिक प्रसंगों से जोड़ना है।

यह भी पढ़ें- जिंदा रहते बुक करा रहे अपना 'अंतिम संस्कार', ‘चार कंधे’ से पंडित तक की बुकिंग; 6000 से 1.5 लाख का पैकेज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।