विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब अंतिम यात्रा के लिए बुक करें ‘चार कंधे’, अस्थि विसर्जन से श्राद्ध तक की सर्विस; 6000 से 1.5 लाख का पैकेज

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:15 PM (IST)

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 'मोक्ष वायज' स्टार्टअप अंतिम संस्कार की संपूर्ण सेवाएं प्रदान कर रहा है, जिसमें वाहन, पंडित और अस्थि विसर्जन तक शामिल है। यह पहल बदलते शहरी सामाजिक परिवेश को दर्शाती है, जहां लोग जीते-जी अपनी अंतिम विदाई की व्यवस्था भी करा रहे हैं।

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हाॅल नंबर सात ए में लगा नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की पहल मोक्ष वाॅयेज का स्टाॅल। जागरण

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हाॅल नंबर सात ए में लगा नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की पहल मोक्ष वाॅयेज का स्टाॅल। जागरण

शशि ठाकुर, नई दिल्ली। महानगरों में जहां रिश्तों के लिए समय कम होता जा रहा है, वहीं अंतिम विदाई की व्यवस्था भी अब एक सेवा का रूप ले रही है। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में Moksh Voyage का स्टॉल लोगों को चौंका रहा है।

यहां अंतिम यात्रा के लिए वाहन, चार कंधे, पंडित, अंतिम संस्कार की सामग्री से लेकर अस्थि विसर्जन तक की व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है। इस पहल के तहत अब तक 300 से अधिक लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।

शादी में बाराती कम, अंतिम यात्रा में कंधे भी मुश्किल

महानगरीय जीवन में रिश्तों के बदलते स्वरूप की तस्वीर कई बार बेहद असहज कर देती है। खुशियों के मौके पर बारातियों की संख्या कम होती जा रही है तो दुख की घड़ी में अंतिम यात्रा के लिए चार कंधे जुटाना भी परिवारों के सामने चुनौती बन रहा है।

इसी बदलते सामाजिक परिवेश के बीच भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के हॉल नंबर 7A में Moksh Voyage का स्टॉल लोगों को रुककर सोचने पर मजबूर कर रहा है।

अंतिम संस्कार से जुड़ी सेवाओं की जानकारी देखकर लोग पहले हैरान होते हैं, फिर इसकी जरूरत और व्यवस्था के बारे में पूछताछ करते हैं।

अंतिम विदाई की पूरी जिम्मेदारी लेने का दावा

नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड की पहल Moksh Voyage दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कुछ शहरों में सेवाएं दे रही है। इसका उद्देश्य अपनों को खोने वाले परिवारों को अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं के बीच भागदौड़ से बचाना है।

इस सेवा के तहत पार्थिव शरीर को घर से श्मशान तक ले जाने के लिए विशेष वाहन, अंतिम संस्कार की लकड़ी और अन्य सामग्री, पंडित, धार्मिक अनुष्ठान, फूलों की सजावट, अस्थि संग्रह और विसर्जन के लिए नाव व घाट की व्यवस्था जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

जीते-जी अपनी अंतिम विदाई की तैयारी

कंपनी के निदेशक विश्व कंदर्प के अनुसार, कई लोग अपने जीवनकाल में ही अंतिम विदाई की व्यवस्था के लिए पंजीयन करा रहे हैं। उनका कहना है कि इसके पीछे एक वजह यह भी है कि कई बुजुर्गों को लगता है कि उनके बच्चे उन पर ध्यान नहीं देते।

इस पहल के पीछे सोच यह है कि परिवार पहले से व्यवस्था कर सके, ताकि किसी अपने के जाने के बाद असहनीय दुख के बीच इंतजामों की परेशानी न झेलनी पड़े।

विदेश में मृत्यु होने पर भी मदद

कंपनी के अनुसार, विदेश में मृत्यु होने पर पार्थिव शरीर को भारत लाने में भी सहायता दी जाती है। ब्रिटेन जैसे देशों में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में कई सप्ताह लगने की स्थिति में कंपनी पार्थिव शरीर को भारत लाने और आगे अस्थि संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग उपलब्ध कराती है।

लावारिस शवों का भी सम्मानजनक अंतिम संस्कार

Moksh Voyage की पहल में केवल भुगतान करने वाले ग्राहक ही नहीं, बल्कि लावारिस और बेसहारा लोगों के साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए भी सहयोग का प्रावधान है। कंपनी के अनुसार, ऐसे लोगों को सम्मानजनक अंतिम संस्कार में निशुल्क सहायता दी जाती है।

अंतिम संस्कार सेवाओं की कीमत

कंपनी की ओर से बताई गई अनुमानित दरें

सेवा

शुल्क

सम्मान सेवा

₹29,999

श्राद्ध सेवा

₹69,999

मोक्ष संकल्प सेवा

₹1,49,999

अंतिम यात्रा वाहन

₹5,999

अर्थी व पूजन सामग्री किट

₹9,999

अंत्येष्टि पंडित सेवा

₹5,999

अस्थि संचयन

₹2,999

अस्थि विसर्जन

₹5,999

शांति पाठ

₹5,999

त्रयोदश संस्कार

₹5,999

पिंडदान

₹15,000 से ₹30,000

पिंडदान का शुल्क स्थान और विधि के अनुसार बदल सकता है।

सेवा से ज्यादा बदलते समाज की तस्वीर

Moksh Voyage का स्टॉल सिर्फ अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं की जानकारी नहीं दे रहा, बल्कि एक ऐसे सामाजिक बदलाव की ओर भी ध्यान खींच रहा है, जहां लोगों की जरूरतें बढ़ रही हैं और पारिवारिक सहारा कई बार कम पड़ता नजर आता है।

अंतिम विदाई के लिए कंधे से लेकर अस्थि विसर्जन तक की व्यवस्था बाजार में उपलब्ध होना इसी बदलते दौर की एक नई तस्वीर पेश कर रहा है।

यह भी पढ़ें- सैनिक फार्म में बैंक्वेट हॉल बुक कराने वालों को झटका, दिल्ली HC ने की सख्ती; सभी आयोजनों पर रोक 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।