विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनम वांगचुक को निजी अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग लेकर दिल्ली HC पहुंचीं पत्नी, आज होगी सुनवाई

Published: Mon, 20 Jul 2026 10:01 AM (IST)

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है, जिसमें उन्हें सफदरजंग से निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग की गई है। याचिका में एकल पीठ के आदेश को चुनौती दी गई है।

सोनम वांगचुक की पत्नी पहुंची दिल्ली हाई कोर्ट। फोटो: आर्काइव

सोनम वांगचुक की पत्नी पहुंची दिल्ली हाई कोर्ट। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. वांगचुक की पत्नी ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया

  2. निजी अस्पताल में स्थानांतरण की मांग को चुनौती दी

  3. संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने दिल्ली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच का दरवाजा खटखटाया है।

उन्होंने उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें एकल पीठ ने वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से उनकी पसंद के निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग ठुकरा दी थी।

सिंगल जज के फैसले को दी चुनौती

डॉ. गीतांजलि आंग्मो की ओर से दायर अपील में कहा गया है कि सिंगल जज का फैसला सोनम वांगचुक और उनके परिवार को उनके इलाज और इलाज की जगह तय करने के अधिकार से प्रभावी रूप से वंचित करता है। याचिका में मांग की गई है कि उन्हें अपनी पसंद के निजी अस्पताल में इलाज कराने की अनुमति दी जाए।

अनुच्छेद 21 के तहत अधिकारों के हनन का आरोप

अपील में दलील दी गई है कि यह आदेश वांगचुक के सूचित सहमति (इनफॉर्म्ड कंसेंट), शारीरिक स्वायत्तता और अपनी पसंद के चिकित्सा उपचार के अधिकार का हनन करता है। याचिकाकर्ता ने कहा है कि ये सभी अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत संरक्षित हैं।

याचिका में यह भी कहा गया है कि सोनम वांगचुक के खिलाफ न तो गिरफ्तारी का कोई आदेश है और न ही उन्हें हिरासत में लेने का कोई निर्देश दिया गया है। इसके बावजूद उन्हें सरकारी अस्पताल में रहने के लिए बाध्य किया जा रहा है, जो कानून के अनुरूप नहीं है।

विरोध प्रदर्शन के अधिकार पर भी असर पड़ने का दावा

अपील में दावा किया गया है कि ये उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। इसमें कहा गया है कि इससे संविधान के अनुच्छेद 19 और 21 के तहत मिले उनके शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को जारी रखने के अधिकार पर भी असर पड़ रहा है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का दिया हवाला

याचिका में सूचित सहमति और मरीजों की स्वायत्तता से जुड़े मामलों में सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न फैसलों का भी हवाला दिया गया है। अपीलकर्ताओं का कहना है कि चिकित्सा संबंधी निर्णय लेने का अधिकार व्यक्ति और उसके परिवार के पास होना चाहिए।

आज दोपहर 2:30 बजे होगी सुनवाई

दिल्ली हाईकोर्ट ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो की उस अपील पर तत्काल सुनवाई की मंजूरी दे दी है, जिसमें वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी देकर मेदांता अस्पताल स्थानांतरित करने की मांग की गई है।

मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ के समक्ष अपील की तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया गया। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा, “इसे आज ही सूचीबद्ध किया जाए।” मामले की सुनवाई सोमवार दोपहर 2:30 बजे होगी।

यह भी पढ़ें- CJP के संसद मार्च के चलते दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशन बंद, निकलने से पहले चेक कर लें रूट

यह भी पढ़ें- CJP Parliament March Live: 'चलो संसद' मार्च को लेकर कड़ी सुरक्षा, जंतर-मंतर के पास 5000 जवान तैनात; धारा-163 लागू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।