विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनम वांगचुक खत्म कर सकते हैं भूख हड़ताल, पत्नी ने रखीं दो शर्तें; दिल्ली HC से नहीं मिली राहत

Published: Mon, 20 Jul 2026 05:25 AM (IST)

सोनम वांगचुक 29 जून से जारी अपनी भूख हड़ताल सोमवार को खत्म कर सकते हैं, बशर्ते राजनीतिक दल शिक्षा में जवाबदेही और NEET पेपर लीक का मुद्दा संसद में उठाने का आश्वासन दें। 

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक और उनकी पत्नी गीतांजलि। (फाइल फोटो-ANI)

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक और उनकी पत्नी गीतांजलि। (फाइल फोटो-ANI)

HighLights

  1. वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म करने के लिए दो शर्तें।

  2. NEET पेपर लीक और शिक्षा में जवाबदेही की मांग।

  3. हाई कोर्ट ने निजी अस्पताल में स्थानांतरण से किया इनकार।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 29 जून से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक सोमवार को अपना अनशन समाप्त कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए उन्होंने दो शर्तें रखी हैं।

उनकी पत्नी गीतांजलि आंगमो ने रविवार को बताया कि यदि राजनीतिक दलों के नेता उनसे मुलाकात कर संसद के मानसून सत्र में शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और NEET पेपर लीक का मुद्दा उठाने का भरोसा देते हैं, तो वांगचुक अपना अनशन समाप्त कर देंगे।

वांगचुक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NEET पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे हैं। शनिवार को दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल ले गई थी।

निजी अस्पताल ले जाने की मांग पर हाई कोर्ट का इनकार

दिल्ली हाई कोर्ट ने वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग पर अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए प्रशासन का उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना प्रथम दृष्टया मनमाना नहीं माना जा सकता।

अदालत ने यह भी कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और उनकी सहमति से दवाएं दी जा रही हैं। ऐसे में यह नहीं कहा जा सकता कि उनकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता या स्वायत्तता का उल्लंघन हुआ है।

पत्नी ने फैसले को चुनौती देने की बात कही

गीतांजलि आंगमो का कहना है कि वांगचुक को उनकी और परिवार की सहमति के बिना अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने संकेत दिया कि हाई कोर्ट के आदेश को बड़ी पीठ के समक्ष चुनौती दी जाएगी।

सरकार ने स्वास्थ्य को बताया चिंता का विषय

केंद्र सरकार ने अदालत में कहा कि लंबे समय से जारी भूख हड़ताल के कारण वांगचुक की सेहत प्रभावित हुई है। इसी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, ताकि उनकी लगातार चिकित्सकीय निगरानी की जा सके और जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

अस्पताल ने जारी किया हेल्थ अपडेट

सफदरजंग अस्पताल के अनुसार, फिलहाल सोनम वांगचुक के वाइटल पैरामीटर स्थिर हैं। रक्त जांच के कुछ मानकों में मामूली सुधार देखा गया है, लेकिन लंबे उपवास के कारण शरीर पर पड़े प्रभाव को देखते हुए उन्हें अभी भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखने की आवश्यकता है। अस्पताल ने कहा कि उनकी स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार उपचार जारी है।

इस बीच, अस्पताल से जारी एक संदेश में वांगचुक ने अपने समर्थकों से सोमवार को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी के 'संसद चलो' मार्च में शामिल होने की अपील भी की।

यह भी पढ़ें- नोएडा में सोनम वांगचुक के समर्थन में कैंडल मार्च का प्रयास पुलिस ने रोका, सपाई हिरासत में

यह भी पढ़ें- 'तबीयत खराब थी तो सरकार का दखल जायज', हाई कोर्ट ने खारिज की वांगचुक को मेदांता भेजने की मांग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।