डीयू के एसओएल में जुलाई से दाखिले शुरू, दो नए प्रोफेशनल कोर्स होंगे लॉन्च
डीयू के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश जुलाई के दूसरे सप्ताह से शुरू ...और पढ़ें

डीयू के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश जुलाई के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगे। फाइल फोटो
लोकेश शर्मा, नई दिल्ली। डीयू के स्कूल आफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया जुलाई के दूसरे सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। इस बार एसओएल छात्रों के लिए दो नए व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मांगो ने बताया कि एमबीए (हेल्थ मैनेजमेंट) और बीएससी (आनर्स) कंप्यूटर साइंस को शुरू करने का प्रस्ताव अंतिम चरण में है। विश्वविद्यालय से मंजूरी मिलते ही इन दोनों पाठ्यक्रमों में भी दाखिले शुरू कर दिए जाएंगे।
इस बार बढ़ सकती है प्रवेश संख्या
पिछले शैक्षणिक सत्र में एसओएल में लगभग 1.28 लाख विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। इस वर्ष यह संख्या बढ़कर करीब 1.31 लाख तक पहुंचने का अनुमान है। एसओएल देश के उन विद्यार्थियों के लिए बड़ा विकल्प है, जो नौकरी, पारिवारिक जिम्मेदारियों या अन्य कारणों से नियमित कॉलेजों में पढ़ाई नहीं कर पाते।
फॉर्म भरते समय रहें सतर्क
प्रो. पायल मांगो ने कहा कि अभ्यर्थियों आवेदन स्वयं अपने लैपटाप या कंप्यूटर से भरें। यदि किसी प्रकार की सहायता चाहिए तो एसओएल के सहायता केंद्रों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि साइबर कैफे के माध्यम से आवेदन कराने पर कई बार विषयों का गलत चयन, अधूरा आवेदन या फार्म जमा न होने जैसी समस्याएं सामने आती हैं।
पिछले वर्ष हजारों छात्रों को हुई परेशानी
एसओएल प्रशासन के अनुसार पिछले वर्ष बड़ी संख्या में छात्रों ने आवेदन पत्र गलत तरीके से भर दिए थे। गलत विषय चुनने, जरूरी जानकारी अधूरी छोड़ने और दस्तावेज सही तरीके से अपलोड न करने के कारण छात्रों को प्रवेश प्रक्रिया में परेशानी का सामना करना पड़ा। इन त्रुटियों को सुधारने में एसओएल प्रशासन को भी अतिरिक्त समय और संसाधन लगाने पड़े।
ईमेल और मोबाइल नंबर सही दर्ज करें
प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को अपना सक्रिय ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करने की सलाह दी गई है। इस बार वाट्सएप पर छात्रों को मैसेज कर जानकारी भी दी जाएगी। विश्वविद्यालय प्रवेश से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी, दस्तावेज सत्यापन, फीस भुगतान और अन्य अपडेट एसएमएस तथा वाट्सएप के माध्यम से भेजेगा। गलत संपर्क विवरण देने पर छात्र महत्वपूर्ण सूचनाओं से वंचित हो सकते हैं।
महिलाओं के लिए भी लोकप्रिय विकल्प
प्रो. पायल मांगो ने कहा एसओएल में हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्राएं, विवाहित महिलाएं और नौकरीपेशा अभ्यर्थी प्रवेश लेते हैं। लचीली अध्ययन व्यवस्था और ऑनलाइन शिक्षण सुविधाओं के कारण यह उन विद्यार्थियों के लिए बेहतर विकल्प बनकर उभरा है, जो नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो सकते।
