डीयू में ईसीए कोटे का सीट मैट्रिक्स जारी, थिएटर और शास्त्रीय नृत्य को मिले सर्वाधिक अवसर
दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक प्रवेश के लिए ईसीए कोटे के तहत 1,370 सुपरन्यूमेरी सीटों की घोषणा की है।

ईसीए कोटे के तहत 1370 सुपरन्यूमेरी सीटें घोषित। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। डीयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) प्रवेश के लिए अतिरिक्त पाठ्यक्रम गतिविधि (ईसीए) कोटे के तहत 1,370 सुपरन्यूमेरी सीटों की घोषणा कर दी है। विश्वविद्यालय में कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस-यूजी) के तहत प्रवेश प्रक्रिया पहले से जारी है और अब ईसीए कोटे की सीटों का विवरण भी जारी कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सीट मैट्रिक्स के अनुसार, थिएटर के लिए 123, भारतीय शास्त्रीय नृत्य के लिए 125 और भारतीय शास्त्रीय गायन के लिए 109 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा भारतीय लोक नृत्य के लिए 72, हिंदी वाद-विवाद के लिए 71, अंग्रेजी वाद-विवाद के लिए 69, स्केचिंग एवं पेंटिंग के लिए 65, वेस्टर्न डांस के लिए 63, एनसीसी (बालिका) के लिए 56, वेस्टर्न वोकल म्यूजिक के लिए 54 तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के लिए 53 सीटें उपलब्ध कराई गई हैं।
किस कोर्स के लिए कितनी सीटें उपलब्ध
फोटोग्राफी के लिए 44, योग के लिए 42, तबला के लिए 37, कोरियोग्राफी के लिए 35, अंग्रेजी क्रिएटिव राइटिंग के लिए 33 और हिंदी क्रिएटिव राइटिंग के लिए 30 सीटें निर्धारित की गई हैं। वहीं फिल्ममेकिंग, हारमोनियम, क्विज और वेस्टर्न ड्रम्स जैसी विधाओं में भी सीमित सीटें उपलब्ध हैं। सरोद, भारतीय वायलिन और वेस्टर्न फ्लूट जैसी विशिष्ट विधाओं के लिए सीटों की संख्या सबसे कम रखी गई है।
ईसीए कोटे से इन कॉलेजों में मिलेगा प्रवेश
किरोड़ीमल कॉलेज, हिंदू कॉलेज, हंसराज कॉलेज, मिरांडा हाउस, लेडी श्रीराम कॉलेज, श्री वेंकटेश्वर कॉलेज, गार्गी कॉलेज, रामजस कॉलेज, शिवाजी कॉलेज और जाकिर हुसैन कॉलेज सहित कई कॉलेज विभिन्न ईसीए श्रेणियों में प्रवेश देंगे।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि ईसीए और खेल कोटे के तहत प्रवेश में सीयूईटी (यूजी)-2026 के अंकों को 25 प्रतिशत तथा प्रमाणपत्र, ट्रायल और प्रदर्शन को 75 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: पुरानी दिल्ली के व्यापारियों को हरियाणा का न्योता, राई में आधी कीमत पर मिलेगी जमीन
