जेल से ही IGNOU परीक्षा दे रहा आफताब, श्रद्धा वालकर हत्याकांड की सुनवाई टली; दिल्ली की कोर्ट ने दी नई तारीख
श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपित आफताब पूनावाला की कोर्ट सुनवाई इग्नू परीक्षाओं के कारण स्थगित हो गई है। अब मामले की अगली सुनवाई 1 दिसंबर को होगी, जिसमें गवाहों की गवाही दर्ज की जाएगी।

आफताब के एग्जाम के चलते टली कोर्ट की सुनवाई। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की पढ़ाई और परीक्षा के चलते मामले की सुनवाई प्रभावित हुई है।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की परीक्षाओं में शामिल होने का हवाला देते हुए आफताब ने कोर्ट से सुनवाई की तारीख बदलने का अनुरोध किया था।
इस पर साकेत कोर्ट ने मामले को एक दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दिया है। एक दिसंबर को मामले में अभियोजन पक्ष के गवाहों की गवाही दर्ज की जाएगी।
इग्नू की परीक्षाओं के चलते मांगी तारीख
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरविंदर सिंह जग्गी की कोर्ट में बृहस्पतिवार को मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान आफताब को तिहाड़ जेल के केंद्रीय कारागार नंबर चार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया।
आफताब ने कोर्ट को बताया कि उसकी इग्नू की परीक्षाएं 26 नवंबर से 17 दिसंबर तक निर्धारित हैं। परीक्षा के सभी स्लॉट दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक हैं। ऐसे में उसने सुनवाई के लिए सुविधाजनक तारीख देने का अनुरोध किया।
कोर्ट को बताया गया कि आफताब ने 19 नवंबर को जेल प्रशासन के माध्यम से इस संबंध में अनुरोध पत्र भेजा था, जो 26 नवंबर को कोर्ट को प्राप्त हुआ। विशेष लोक अभियोजक मधुकर पांडेय ने भी इस संबंध में कोर्ट को जानकारी दी।
एक दिसंबर को होगी गवाहों की गवाही
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि 27 नवंबर को पहले से ही एक अन्य समयबद्ध मामले की सुनवाई निर्धारित है, इसलिए अगले दिन इस मामले की सुनवाई संभव नहीं है।
इसके बाद कोर्ट ने मामले को एक दिसंबर को दोपहर दो बजे के लिए सूचीबद्ध किया। कोर्ट ने गवाह पीडब्ल्यू-139 इंस्पेक्टर सूरज, पीडब्ल्यू-151 इंस्पेक्टर संजय सिंह और पीडब्ल्यू-118 एसआइ अंकित शर्मा को समन जारी करने के निर्देश दिए।
अगली सुनवाई पर पहले इंस्पेक्टर सूरज और उसके बाद इंस्पेक्टर संजय सिंह की गवाही दर्ज की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गुरुजी की फोटो के आगे QR कोड लगा मांग रहे थे चंदा, दिल्ली की कोर्ट ने रोहिणी के ट्रस्ट पर लगाई रोक