शालीमार गांव के एक गैराज में लगी भीषण आग, 18 ई-रिक्शा जलकर खाक; 6 लोगों को हुआ रेस्क्यू
उत्तर पश्चिम दिल्ली के शालीमार गांव में एक गैराज में आग लगने से 18 ई-रिक्शा जल गए। दमकलकर्मियों ने इमारत की तीसरी मंजिल से छह लोगों को सुरक्षित निकाला और आग पर काबू पाया।
-1795953769679_m.webp)
दिल्ली के शालीमार गांव के गैराज में लगी आग। फाइल फोटो
HighLights
शालीमार गांव के गैराज में लगी भीषण आग।
अठारह ई-रिक्शा जलकर हुए पूरी तरह खाक।
दमकलकर्मियों ने छह लोगों को सुरक्षित बचाया।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। उत्तर पश्चिम दिल्ली के शालीमार गांव में रविवार को एक गैराज में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग गैराज के ग्राउंड फ्लोर पर ई-रिक्शा पार्किंग में लगी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
घटना में पार्किंग में खड़े 18 ई-रिक्शा आग की चपेट में आ गए। वहीं, दमकलकर्मियों ने इमारत की तीसरी मंजिल से दो बच्चों, दो पुरुषों और दो महिलाओं समेत छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियां
दमकल विभाग के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 1:15 बजे शालीमार गांव में मस्जिद के पास रमेश डॉक्टर वाली गली में गैराज में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की दो वॉटर टेंडर (डब्ल्यूटी), दो वॉटर बाउजर (डब्ल्यूबी) और एक क्यूआरवी को मौके पर भेजा गया।
जांच में जुटी स्थानीय पुलिस
दमकल अधिकारी सीताराम की निगरानी में कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। दोपहर करीब 2:05 बजे आग पर काबू पाने की सूचना दी गई। बाद में आग बुझाने की कार्रवाई पूरी होने पर शाम करीब 4:05 बजे स्टॉप संदेश जारी किया गया। आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। आगे की जांच स्थानीय पुलिस कर रही है।