विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत मंडपम और यशोभूमि की तर्ज पर शालीमार बाग में बनेगा दिल्ली का चौथा बड़ा कन्वेंशन सेंटर, DDA ने मांगे आवेदन

Published: Mon, 16 Nov 2026 05:30 PM (IST)

दिल्ली के शालीमार बाग में भारत मंडपम और यशोभूमि की तर्ज पर एक नया कन्वेंशन सेंटर तैयार किया जाएगा।

दिल्ली का भारत मंडपम। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली का भारत मंडपम। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. शालीमार बाग में दिल्ली का चौथा बड़ा कन्वेंशन सेंटर बनेगा।

  2. उत्तरी बाहरी दिल्ली को मिलेगी पहली ऐसी बड़ी सुविधा।

  3. डीडीए ने 2.44 एकड़ भूमि के लिए ईओआई जारी किया।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। राजधानी में बड़े सम्मेलनों, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों, व्यापारिक मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक और बड़ा केंद्र विकसित होने जा रहा है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में बनने वाला यह कन्वेंशन सेंटर दिल्ली का चौथा बड़ा केंद्र होगा। इससे उत्तरी बाहरी दिल्ली में पहली बार इस स्तर की सुविधा उपलब्ध होगी।

दिल्ली में अभी तीन कन्वेंशन सेंटर

अभी दिल्ली में पहला बड़ा कन्वेंशन सेंटर भारत मंडपम, दूसरा द्वारका स्थित यशोभूमि है। तीसरा केंद्र पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज क्षेत्र में विकसित करने की योजना है। इसके बाद शालीमार बाग में चौथा केंद्र विकसित किया जाएगा।

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने शालीमार बाग के सी और डी ब्लाक स्थित डिस्ट्रिक्ट सेंटर में कन्वेंशन सेंटर विकसित करने के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआइ) जारी किया है।

इसके तहत करीब 2.44 एकड़ (9882.63 वर्ग मीटर) खाली जमीन 55 साल के लाइसेंस पर दी जाएगी। चयनित एजेंसी इसके निर्माण से संचालन तक की जिम्मेदारी संभालेगी।

15,944 वर्ग मीटर तक होगा फ्लोर एरिया

ईओआइ दस्तावेज के मुताबिक, परियोजना के लिए 15,944.6 वर्ग मीटर का अधिकतम फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) उपलब्ध होगा। भूखंड का अधिकतम ग्राउंड कवरेज 50 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।

ऊंचाई के लिए संबंधित वैधानिक एजेंसियों की मंजूरी जरूरी होगी। पार्किंग की व्यवस्था डिस्ट्रिक्ट सेंटर की व्यापक योजना के तहत की जाएगी।

मेट्रो और सड़क से बेहतर कनेक्टिविटी

इस परियोजना की एक खासियत इसकी लोकेशन भी है। डीडीए के मुताबिक, हैदरपुर गांव मेट्रो स्टेशन (मैजेंटा लाइन) यहां से करीब पांच मिनट की पैदल दूरी पर है। हैदरपुर बादली मोड़ मेट्रो स्टेशन (येलो और मैजेंटा लाइन) भी करीब चार मिनट की ड्राइविंग दूरी पर है।

मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन से यहां पहुंचने में करीब आठ मिनट लगेंगे। इसके अलावा 18 मीटर चौड़ी चौधरी मेहर चंद यादव मार्ग के जरिए यह स्थल आउटर रिंग रोड और करनाल बाईपास से जुड़ता है। इससे हरियाणा और पंजाब की ओर से आने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।

सामाजिक-सांस्कृतिक केंद्र बनाने की योजना 

यमुना पार के लोगों के लिए सीबीडी (शाहदरा बिजनेस डिस्ट्रिक्ट) ग्राउंड में इंडिया हैबिटेट सेंटर की तर्ज पर सामाजिक-सांस्कृतिक केंद्र बनाने की योजना है। इसकी सिफारिश वर्ष 2000 में तत्कालीन ट्रांस यमुना एरिया डेवलपमेंट बोर्ड ने की थी।

इसके लिए डीडीए ने विश्वास नगर के संस्थागत क्षेत्र में 3.78 एकड़ जमीन दिल्ली सरकार को आवंटित की थी, लेकिन दो दशक से अधिक समय तक परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। अब बोर्ड के अध्यक्ष और गांधी नगर के विधायक अरविंदर सिंह लवली के नेतृत्व में इसे पुनर्जीवित करने की पहल हुई है।

मई 2026 में बोर्ड ने सरकार को प्रस्ताव भेजा था और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की बात कही गई थी। प्रस्तावित केंद्र में सभागार, कला दीर्घा, सम्मेलन कक्ष, रेस्तरां और अतिथि कक्ष जैसी सुविधाएं होंगी। फिलहाल निर्माण शुरू होने की तारीख या स्वीकृत बजट सामने नहीं आया है।

नौ दिसंबर तक मांगे आवेदन

शालीमार बाग परियोजना के लिए डीडीए ने नौ दिसंबर 2026 शाम पांच बजे तक आवेदन मांगे हैं। 16 नवंबर को सुबह 11 बजे हितधारकों के साथ परामर्श बैठक आयोजित की जाएगी। 17 नवंबर तक सवाल और सुझाव भेजे जा सकेंगे, जबकि डीडीए 26 नवंबर तक उनके जवाब जारी करेगा।

इच्छुक कंपनियों को पिछले तीन वित्तीय वर्षों के राजस्व, कर के बाद लाभ और नेटवर्थ का ब्योरा भी देना होगा।

ईओआई के बाद डीडीए विस्तृत रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी करेगा। इसी चरण में परियोजना की अंतिम शर्तें और चयनित एजेंसी के लिए जिम्मेदारियां तय होंगी। फिलहाल निर्माण लागत, आयोजन क्षमता और निर्माण की समयसीमा निर्धारित नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- 'केवल प्रोटोकॉल बनाना काफी नहीं, सख्ती से हो पालन', रेलवे स्टेशनों पर क्राउड मैनेजमेंट को लेकर दिल्ली HC सख्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।