विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'केवल प्रोटोकॉल बनाना काफी नहीं, सख्ती से हो पालन', रेलवे स्टेशनों पर क्राउड मैनेजमेंट को लेकर दिल्ली HC सख्त

Published: Mon, 16 Nov 2026 04:58 PM (IST)

दिल्ली हाई कोर्ट ने रेलवे को स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।

दिल्ली हाई कोर्ट। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली हाई कोर्ट। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन SOPs का सख्ती से पालन करें।

  2. बड़े आयोजनों से पहले सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा अनिवार्य।

  3. जमीन पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर हाई कोर्ट का जोर।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने रेलवे अधिकारियों को स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन से जुड़े मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।

अदालत ने कहा कि जिन आयोजनों में यात्रियों की भारी भीड़ जुटने की आशंका हो, उनसे कम से कम एक सप्ताह पहले वरिष्ठ अधिकारी दिल्ली पुलिस और संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करें।

जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत

अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल प्रोटोकॉल बना देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जमीन पर उसका प्रभावी क्रियान्वयन भी जरूरी है। न्यायमूर्ति अमित महाजन की पीठ ने कहा कि फरवरी 2025 में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी भीड़भाड़ वाले आयोजन के दौरान सुरक्षा उपायों का वास्तविक क्रियान्वयन सबसे महत्वपूर्ण है।

बड़े आयोजनों का रिकॉर्ड रखने का निर्देश 

अधिकारियों को प्रत्येक बड़े आयोजन के लिए की गई व्यवस्थाओं की निगरानी करने और उनका उचित रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया गया है। किसी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारी को व्यवस्थाओं के संबंध में लिखित रिपोर्ट भी तैयार रखनी होगी।

अदालत ने कहा कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। अदालत ने यह टिप्पणी दो यात्रियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए की।

महाकुंभ के कारण भारी संख्या में जुटे यात्री

याचिकाकर्ताओं में एक दिव्यांग व्यक्ति भी शामिल है। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी 2025 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज पर भगदड़ के कारण वे अपनी ट्रेन में सवार नहीं हो सके थे। इस हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हुई थी।

उस समय प्रयागराज में महाकुंभ के आयोजन के कारण बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनों में सवार होने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। प्लेटफार्म संख्या 14 और 15 पर भारी भीड़ जमा हो गई थी।

होल्डिंग एरिया बनाने की योजना

रेलवे की ओर से दलील दी गई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए कई कदम प्रस्तावित हैं। इनमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की ओर लगभग सात हजार यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया विकसित करना शामिल है।

इसके अलावा 22 टिकट काउंटर, 25 आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन, सीसीटीवी कैमरे, सामान की जांच के लिए स्कैनर, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और समर्पित कंट्रोल रूम की व्यवस्था करने की योजना है।

हालांकि, अदालत ने अधिकारियों की ओर से उठाए गए कदमों पर असंतोष जताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों के संबंध में पर्याप्त जानकारी पेश नहीं की गई है।

आयोजन से पहले करनी होगी सुरक्षा की तैयारी

अदालत ने कहा कि स्टेशन पर 24 अक्टूबर 2025 को दैनिक यात्रियों की संख्या बढ़कर 3,29,527 तक पहुंच गई थी। ऐसे में भीड़भाड़ वाले प्रत्येक आयोजन के लिए सुरक्षा और प्रबंधन संबंधी उपायों की निगरानी तथा उनका रिकार्ड रखना आवश्यक है।

याचिकाकर्ताओं ने शुरुआत में भगदड़ के सभी पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग की थी, लेकिन बाद में उन्होंने केवल सार्वजनिक आयोजनों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर अचानक बढ़ने वाली भीड़ से निपटने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश देने की मांग पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के कई इलाकों में इलेक्ट्रिक बसों और ट्रकों के लिए बनेंगे हाई-पावर चार्जिंग स्टेशन, टेंडर जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।