विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के कई इलाकों में इलेक्ट्रिक बसों और ट्रकों के लिए बनेंगे हाई-पावर चार्जिंग स्टेशन, टेंडर जारी

Published: Mon, 16 Nov 2026 04:16 PM (IST)

दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्यावसायिक और भारी वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए कई नए चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।

दिल्ली मे इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बना चार्जिंग स्टेशन। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली मे इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बना चार्जिंग स्टेशन। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. नांगलोई बस डिपो में नया चार्जिंग स्टेशन बनेगा।

  2. भारी वाहनों के लिए 240 किलोवाट के चार्जर लगेंगे।

  3. मालवाहक और व्यावसायिक इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगी सुविधा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्यावसायिक और भारी वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत अब नांगलोई बस डिपो में भी व्यावसायिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा।

दिल्ली परिवहन अवसंरचना विकास निगम (डीटीआईडीसी) ने इसके लिए निविदा जारी की है। परियोजना पर करीब 3.62 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 120 दिन की समयसीमा निर्धारित की गई है।

कम समय में चार्ज होंगी भारी वाहनों की बैटरी

द्वारका सेक्टर-22, नरेला और ओखला में भी व्यावसायिक वाहनों, बसों और ट्रकों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इन स्टेशनों पर 240 किलोवाट क्षमता के उच्च शक्ति वाले चार्जर लगाने की योजना है।

इससे भारी वाहनों की बैटरी कम समय में चार्ज हो सकेगी। हालांकि, सभी प्रस्तावित स्थानों को चालू स्टेशन नहीं माना जा सकता।

दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ रही संख्या

इन स्टेशन पर भारी इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ अन्य व्यावसायिक वाहनों को भी चार्ज करने की सुविधा मिलेगी। इससे माल ढुलाई में लगे इलेक्ट्रिक ट्रकों और अन्य बड़े वाहनों को राहत मिलेगी।

अभी दिल्ली में निजी और व्यावसायिक इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन भारी वाहनों के अनुकूल उच्च क्षमता वाले चार्जिंग स्टेशनों की जरूरत भी बढ़ रही है।

सीएम रेखा गुप्ता ने की थी घोषणा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कुछ महीने पहले दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में व्यावसायिक वाहनों के लिए बड़े चार्जिंग स्टेशन विकसित करने की योजना की घोषणा की थी। सरकार की योजना बस डिपो की उपलब्ध जमीन और बिजली संबंधी सुविधाओं का इस्तेमाल कर इस ढांचे को विकसित करने की है।

हाल में आनंद विहार आइएसबीटी सहित नंद नगरी, रोहिणी सेक्टर-37, नांगलोई और केशोपुर में सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों का उद्घाटन किया गया है।

मालवाहकों को भी मिलेगी चार्जिंग सुविधा 

सरकार का जोर केवल बसों के लिए ही नहीं, बल्कि मालवाहक और अन्य भारी व्यावसायिक इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए भी पर्याप्त चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने पर है। इसके लिए अलग-अलग बस डिपो में उच्च क्षमता के चार्जर और बिजली आपूर्ति के लिए विशेष उपकेंद्र विकसित किए जा रहे हैं।

इन इलाकों में भी विकसित हो रही चार्जिंग सुविधा

दिल्ली सरकार ने भारी व्यावसायिक वाहनों के लिए ये बस डिपो भी चिह्नित किए हैं। इनमें रोहिणी सेक्टर-37, केशोपुर, कालकाजी और सुखदेव विहार, गाजीपुर और हसनपुर डिपो भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- 'AI नहीं, यह यमुना है' बनाम 'रेड कार्पेट' के दावे... दिल्ली में छठ पूजा के बीच यमुना के हालात पर AAP-BJP में टकराव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।