विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कचरा अलग-अलग न करने वालों को चेतावानी, दिल्ली में अब कटेगा 500 रुपये का चालान; बनेंगी 4 अनुपम कॉलोनियां

Published: Thu, 29 Oct 2026 10:35 PM (IST)

एनडीएमसी ने कचरा पृथक्करण न करने पर सख्ती बढ़ाई है, केंद्रीय सरकारी कर्मचारी आवासीय परिसर में 10 घरों को अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किए गए हैं।

एनडीएमसी ने जारी की चेतावनी। फोटो: आर्काइव

एनडीएमसी ने जारी की चेतावनी। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने कचरे के चार श्रेणियों में पृथक्करण (अलग-अलग) करने को लेकर सख्ती बढ़ा दी है।

इसके तहत बाबा खड़ग सिंह मार्ग (बीकेएस मार्ग) स्थित केंद्रीय सरकारी कर्मचारी आवासीय परिसर में निरीक्षण के दौरान 10 घरों में बिना अलग किए कचरा दिया जा रहा था।

इन सभी घरों को नियमों का पालन करने के लिए आखिरी चेतावनी के तौर पर नोटिस जारी किए गए हैं। अगर, फिर भी सुधार नहीं हुआ तो आगे से चालान की कार्रवाई शुरू होगी। इसमें 500 रुपये से लेकर उससे आगे के चालान किए जा सकते हैं।

10 घरों को आखिरी चेतावनी, फिर चालान

एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत आरडब्ल्यूए की ओर से तैनात निजी कचरा संग्रहकर्ताओं और कचरा उठाने वाले वाहनों की औचक जांच की गई।

परिसर में कुल 135 फ्लैट हैं, जिनमें से 75 में लोग रह रहे हैं। निवासियों को गीला, सूखा, सैनिटरी और विशेष देखभाल वाले कचरे को अलग-अलग करके देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

चार कॉलोनियों को अनुपम कॉलोनी बनाने की योजना

एनडीएमसी ने अपने क्षेत्र में चार कॉलोनियों को अनुपम कॉलोनी के रूप में विकसित करने के लिए चिह्नित किया है। इनमें बीकेएस मार्ग स्थित केंद्रीय सरकारी कर्मचारी आवासीय परिसर, पश्चिम किदवई नगर, सरोजिनी विहार और चाणक्यपुरी स्थित चाणक्य रेल एन्क्लेव शामिल हैं।

इन कॉलोनियों को निर्धारित मानकों को पूरा करने की शर्त पर 10 दिसंबर 2026 से पहले अनुपम कॉलोनी घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी के तहत कॉलोनियों की संपत्तियों का निरीक्षण किया जा रहा है।

गीले और बागवानी कचरे का स्थानीय निस्तारण

योजना के तहत कॉलोनियों में ही गीले और बागवानी के कचरे का निस्तारण किया जाएगा। इससे कचरे को दूर स्थित संयंत्रों तक ले जाने की जरूरत कम होगी। इसके अलावा, तीन आर (रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल) केंद्र की योजना है।

इनके माध्यम से पुराने लेकिन उपयोगी सामान जरूरतमंदों तक पहुंचाए जाएंगे। एनडीएमसी के अनुसार, चारों कॉलोनियों की आरडब्ल्यूए ने इस पहल में सहयोग देने पर सहमति जताई है।

अभियान की सफलता के लिए निवासियों, सफाई कर्मचारियों और संबंधित विभागों की भागीदारी पर जोर दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में 4 मेट्रो स्टेशन बनेंगे ट्रिपल इंटरचेंज हब, एयरपोर्ट से जुड़ेगी मैजेंटा लाइन; जानें DMRC का पूरा प्लान

यह भी पढ़ें- दिल्ली में 500 करोड़ की एलिवेटेड रोड का डिजाइन रिजेक्ट, UTIPEC ने खारिज कर दिया PWD का प्रपोजल