दिल्ली में 500 करोड़ की एलिवेटेड रोड का डिजाइन रिजेक्ट, UTIPEC ने खारिज कर दिया PWD का प्रपोजल
सोनिया विहार में 6 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का प्रारंभिक डिजाइन स्थानीय जरूरतों की अनदेखी के कारण खारिज कर दिया ...और पढ़ें

एलिवेटेड रोड का डिजाइन रिजेक्ट। फोटो: सांकेतिक
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सोनिया विहार में नानकसर गुरुद्वारे से ट्रोनिका सिटी तक बनने वाले करीब छह किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडाेर का डिजाइन फिर से तैयार होगा।
शहरी परिवहन के समन्वित विकास के लिए बनी एकीकृत यातायात एवं परिवहन अवसंरचना योजना (यूटिपैक) ने स्थानीय यातायात की जरूरतों की अनदेखी करने पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।
निर्देश दिया गया है कि नए डिजाइन में एलिवेटेड सड़क के नीचे फुटपाथ, साइकिल लेन, चढ़ने-उतरने के रास्ते, बस स्टाप और चौराहों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
500 करोड़ है प्रोजेक्ट की लागत
इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 500 करोड़ रुपये है।
कुड दिन पहले यूटिपैक का पीडब्ल्यूडी को पत्र मिला है, जिसमें कहा गया है कि परियोजना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि बाहरी ट्रैफिक आया और चला गया। इससे स्थानीय लोगों को लाभ नहीं मिलेगा।
इसलिए इस तरह की परियोजना नहीं होनी चाहिए। स्थानीय जरूरतों का ध्यान रखना चाहिए, ताकि स्थानीय लोग जाम में नहीं फंसे। इसके लिए एलिवेटेड कॉरिडोर के साथ नीचे बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने और चौराहों को फिर से डिजाइन करने को कहा गया है।
पैदल यात्री रोड कैसे क्रॉस करेंगे, एंट्री व एग्जिट, बस स्टॉप और नॉन मोटराइज्ड ट्रैफिक के लिए क्या इंतजाम होंगे, इसे लेकर परियोजना में कुछ नहीं बताया गया है।
पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि इन सभी फीचर को शामिल किया जाए। यूटिपैक ने दिल्ली से यूपी बॉर्डर तक केवल एलिवेटेड कॉरिडोर बना देने पर आपत्ति जताई है।
परियोजना से होंगे ये लाभ
वजीराबाद रोड और सोनिया विहार पुश्ता मार्ग लंबे समय से ट्रैफिक जाम का बड़ा केंद्र बना हुआ है। संकरी सड़क, बढ़ती आबादी और इंटरस्टेट वाहनों का दबाव स्थिति को और खराब करता है।
एलिवेटेड रोड बनने और नीचे इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने से वजीराबाद रोड के पास नानकसर गुरुद्वारा से लेकर ट्रोनिका सिटी (यूपी बॉर्डर) तक करीब 6 किमी का पूरा रास्ता सिग्नल फ्री हो जाएग।
जिससे सोनिया विहार पुश्ता-1, श्रीराम कॉलोनी, चौथा पुश्ता, सोनिया विहार एक्सटेंशन, सभापुर, चौहान पट्टी समेत आसपास के इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली की सड़कों को सेफ बनाने तैयारी, 420 KM सड़कों का होगा सुरक्षा ऑडिट; 3.50 करोड़ का टेंडर जारी
