विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में 4 मेट्रो स्टेशन बनेंगे ट्रिपल इंटरचेंज हब, एयरपोर्ट से जुड़ेगी मैजेंटा लाइन; जानें DMRC का पूरा प्लान

Published: Thu, 29 Oct 2026 09:53 PM (IST)

दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन के विस्तार से केंद्रीय सचिवालय और नई दिल्ली स्टेशन ट्रिपल इंटरचेंज हब बनेंगे, जिससे मध्य दिल्ली में कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

दिल्ली के चार मेट्रो स्टेशनों पर बनेंगे ट्रिपल इंटरचेंज हब। फोटो: आर्काइव

दिल्ली के चार मेट्रो स्टेशनों पर बनेंगे ट्रिपल इंटरचेंज हब। फोटो: आर्काइव

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन के विस्तार से मध्य दिल्ली में मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होने जा रही है। इसके तहत केंद्रीय सचिवालय और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन तीन-तीन मेट्रो लाइनों के इंटरचेंज हब बनेंगे।

यहां भूमिगत रास्तों के जरिये यात्री एक लाइन से दूसरी लाइन पर जा सकेंगे। इससे सरकारी कार्यालयों, प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों और एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के एक अधिकारी के मुताबिक, केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर मैजेंटा लाइन का जुड़ाव मौजूदा येलो और वायलेट लाइन से होगा।

वहीं, नई दिल्ली स्टेशन पर मैजेंटा लाइन येलो लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से जुड़ेगी। इससे एयरपोर्ट से आने-जाने वाले यात्रियों को भी कई जगहों के लिए सीधे या कम बदलाव के साथ यात्रा करने का विकल्प मिलेगा।

kendruya sachivalaya metro station

89 किमी लंबी होगी मैजेंटा लाइन

मैजेंटा लाइन का विस्तार पूरा होने के बाद यह बॉटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक करीब 89 किमी लंबा कॉरिडोर बन जाएगा। इसमें कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें 40 भूमिगत होंगे।

इस पूरे कॉरिडोर पर चालक रहित मेट्रो ट्रेनें चलाने की योजना है। फिलहाल परिचालित मैजेंटा लाइन पर चार इंटरचेंज स्टेशन हैं। विस्तार के बाद इनकी संख्या बढ़कर 21 हो जाएगी।

रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा के रास्ते बनने वाले कॉरिडोर को फेज-वीए के तहत मंजूरी दी गई है। वहीं, इंद्रप्रस्थ से इंद्रलोक तक प्रस्तावित कॉरिडोर , जिसे पहले फेज चार में बनाया जाना था, अब मैजेंटा लाइन के विस्तार के रूप में विकसित किया जाएगा।

चार स्टेशन बनेंगे ट्रिपल इंटरचेंज

केंद्रीय सचिवालय और नई दिल्ली के अलावा आजादपुर और इंद्रलोक भी मैजेंटा लाइन के विस्तार के बाद तीन मेट्रो लाइनों के इंटरचेंज हब बनेंगे। फिलहाल कश्मीरी गेट ऐसा स्टेशन है, जहां रेड, येलो और वायलेट लाइन के बीच यात्री ट्रेन बदल सकते हैं।

विस्तारित कॉरिडोर पर कलिंदी कुंज, चिराग दिल्ली, आइजीआइ एयरपोर्ट टर्मिनल-1, पीरागढ़ी, पीतमपुरा (मधुबन चौक), हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, पुल बंगश, नबी करीम, शिवाजी स्टेडियम और दिल्ली गेट समेत 17 अतिरिक्त इंटरचेंज स्टेशन प्रस्तावित हैं।

यात्रियों को मिलेंगे ज्यादा विकल्प

डीएमआरसी के अनुसार, नए इंटरचेंज से व्यस्त स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव कम करने और कुछ मार्गों पर यात्रा का समय घटाने में मदद मिलेगी। विस्तारित नेटवर्क दिल्ली के विभिन्न हिस्सों और आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर करेगा।

मैजेंटा लाइन के इस विस्तार में मेट्रो नेटवर्क की दो प्रमुख इंजीनियरिंग विशेषताएं भी शामिल होंगी। हैदरपुर बादली मोड़ स्टेशन के एक पियर पर रेल स्तर की ऊंचाई करीब 28.36 मीटर है, जबकि हौज खास स्टेशन लगभग 29 मीटर की गहराई के साथ दिल्ली मेट्रो का सबसे गहरा भूमिगत स्टेशन है।

डीएमआरसी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल करीब 416 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क है, जिसमें 303 स्टेशन शामिल हैं। फेज-चार और फेज-वीए के तहत चल रहे विस्तार से राजधानी में सार्वजनिक परिवहन की पहुंच और बेहतर होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में 500 करोड़ की एलिवेटेड रोड का डिजाइन रिजेक्ट, UTIPEC ने खारिज कर दिया PWD का प्रपोजल