दिल्ली के सीमापुरी इलाके में अटल कैंटीन में सेंधमारी, सीसीटीवी कैमरे तक उखाड़ ले गए चोर
सीमापुरी की अटल कैंटीन में चोरों ने खिड़की का शीशा तोड़कर चोरी की। वे नकदी, रसोई की टोंटी और अन्य ...और पढ़ें
HighLights
चोरों ने अटल कैंटीन का शीशा तोड़कर नकदी व सामान चुराया
कैंटीन से सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़कर ले गए
पुलिस ने मामला दर्ज कर एक संदिग्ध की पहचान की, तलाश जारी
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। सीमापुरी इलाके में स्थित अटल कैंटीन में चोरों ने शीशा तोड़कर सामान व नकदी चोरी कर ली। इतना ही नहीं चोर कैंटीन के अंदर लगे दो सीसीटीवी कैमरे और उनकी डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। गरीबों के लिए दिल्ली सरकार द्वारा शुरू की गई अटल कैंटीन तक को चोरों ने नहीं छोड़ा। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश कर रही है।
सुपरवाइजर कुलदीप ने बताया कि रोज की तरह स्टाफ कैंटीन बंद कर घर लौटा था। अंदर कैंटीन का सामान व कुछ नकदी रखी थी। सुबह लोगों ने सूचना दी कि कैंटीन का शीशा टूटा हुआ है। जब स्टाफ वहां पहुंचा तो अंदर से नकदी, सामान और नलों की टोंटी गायब थी। वाशबेसिन आदि को भी तोड़ दिया गया था।

सीसीटीवी कैमरे भी गायब थे और सीलिंग टूटी थी। जब स्टाफ अलमारी में रखे डीवीआर को देखने पहुंचा तो वह भी गायब था। जिसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से एक युवक का चेहरा पहचान में आया है। उसकी तलाश की जा रही है।
25 दिसंबर को सीएम ने किया था लोकार्पण
सीमापुरी की यह कैंटीन उनमें से है जिनका लोकार्पण पहले चरण में 25 दिसंबर को सीएम रेखा गुप्ता ने किया था। कैंटीन में रोजाना दोपहर और शाम को चार सौ से पांच सौ लोग महज पांच रुपये में भोजन करते हैं। हालांकि अटल कैंटीन में हुई चोरी ने सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
