दिल्ली में 5-स्टार होटल के शेफ की डबल लाइफ, ड्यूटी के बीच 'मास्टर की' से घरों में करता था चोरी
आरके पुरम में एक घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय शेफ निलेश उर्फ निकेश को ...और पढ़ें
HighLights
आरके पुरम चोरी में पांच सितारा होटल का शेफ गिरफ्तार।
आरोपी के पास से नकदी, आभूषण और मास्टर चाबी बरामद।
मास्टर चाबी से ताले खोलकर चोरी करता था निलेश।
पीटीआई, नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम इलाके में एक घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने पांच सितारा होटल में नाइट शिफ्ट में काम करने वाले 22 वर्षीय शेफ को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निलेश उर्फ निकेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 2.69 लाख की नकदी और आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक मास्टर की और दो स्कूटर भी बरामद हुए हैं, जिनमें से एक स्कूटर चोरी का बताया जा रहा है।
दरअसल, आरके पुरम सेक्टर-1 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि वह परिवार सहित राजस्थान में एक शादी में गया हुआ था। वापस लौटने पर घर से 3.5 लाख की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।
सीसीटीमी में गेट खोलता दिखा युवक
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक युवक घर के गेट को खोलने की कोशिश करता नजर आया। शुरुआती नाकामी के बाद वह गेट खोलकर अंदर दाखिल हुआ और करीब आधे घंटे बाद चोरी का सामान लेकर स्कूटर से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के भागने के रूट को द्वारका स्थित एक पांच सितारा होटल के पास रिंग रोड तक ट्रैक किया, लेकिन इसके बाद उसका सुराग नहीं मिला। तकनीकी निगरानी के जरिए आखिरकार आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मास्टर की से खोलता था ताला
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह मास्टर चाबी की मदद से चाइनीज लॉक खोलता था और चोरी के बाद दोबारा ताला लगा देता था, ताकि किसी को शक न हो। उसने चोरी के आभूषण अपने कार्यस्थल पर खड़े एक स्कूटर में छिपा रखे थे।
पुलिस के मुताबिक, यह स्कूटर पिछले साल चोरी किया गया था। आरोपी ने अंबेडकर बस्ती में चोरी की दो नाकाम कोशिशों की भी बात कबूल की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- अनोखी चोरी का अनोखा अंत: चमोली में देवता के दरबार में लगाई गुहार, आंगन में मिला चोरी हुआ सोने का हार
यह भी पढ़ें- चोरी कबूल कराने के लिए युवक को लगाया करंट, आगरा में चौकी इंचार्ज समेत पांच पर केस दर्ज
