विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सत्य निकेतन हादसा: छह आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ी, हरिराम गुप्ता की जमानत खारिज

Published: Wed, 23 Sep 2026 05:25 AM (IST)

सत्य निकेतन भवन हादसे में कोर्ट ने छह आरोपितों की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ा दी है। भवन मालिक के ...और पढ़ें

सत्य निकेतन हादसा।

सत्य निकेतन हादसा।

HighLights

  1. छह आरोपितों की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ाई गई।

  2. भवन मालिक के पति हरिराम गुप्ता की जमानत याचिका खारिज।

  3. हादसे में सात लोगों की मौत, जांच शुरुआती चरण में।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सत्य निकेतन के पांच मंजिला हास्टल डेज भवन हादसे में कोर्ट ने गिरफ्तार छह आरोपितों की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ा दी है। छह आरोपितों में हरिराम गुप्ता, उर्मिला गुप्ता के बेटे महेश गुप्ता, पीजी संचालक सुधांशु व शुभम त्यागी और श्रमिक ठेकेदार सनोज समेत अन्य आरोपित शामिल हैं।

वहीं, भवन की मालकिन उर्मिला गुप्ता के पति हरिराम गुप्ता की जमानत याचिका खारिज कर दी। भवन हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी। पटियाला हाउस स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सौरभ प्रताप सिंह लालेर ने हरिराम गुप्ता की जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है और आरोपपत्र भी दाखिल नहीं हुआ है।

ऐसे में इस स्तर पर जमानत देना उचित नहीं है। कोर्ट ने हादसे में सात लोगों की मौत, कई लोगों के घायल होने और एक पीड़ित के अब भी गंभीर स्थिति में होने को भी ध्यान में रखा।

बिजली कनेक्शन से लेकर निर्माण कार्य तक भूमिका की जांच 

कोर्ट ने कहा कि हरिराम गुप्ता भवन की मालकिन उर्मिला गुप्ता के पति हैं और परिसर के बिजली कनेक्शन उनके नाम पर हैं। जांच के दौरान अब तक जिन गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं, उनमें कुछ ने परिसर में चल रहे काम में उनकी भूमिका का उल्लेख किया है।

कोर्ट ने कहा कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उन्हें परिसर से पूरी तरह अलग व्यक्ति नहीं माना जा सकता।

बचाव पक्ष की ओर से दलील दी गई कि हरिराम गुप्ता 81-82 वर्ष के हैं, भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हैं और उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। यह भी कहा गया कि वह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं और नियमित दवाएं लेते हैं।

हालांकि, कोर्ट ने इन दलीलों के बावजूद जमानत देने से इन्कार कर दिया। कोर्ट ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

यह भी पढ़ें- डूसू चुनाव जीतने के बाद सत्य निकेतन पहुंचे एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारी, ‘सत्य स्क्वायर’ पर दी श्रद्धांजलि

यह भी पढ़ें- सत्य निकेतन हादसे में मुआवजे की मांग पर डूसू उपाध्यक्ष का सत्याग्रह जारी, बोले- मांग पूरी न होने तक करेंगे सत्याग्रह