विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरस फूड फेस्टिवल में पहले रविवार को उमड़ी भारी भीड़, सुंदर नर्सरी के आसपास की सड़कों पर रेंगते रहे वाहन

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:32 PM (IST)

दक्षिणी दिल्ली की सुंदर नर्सरी में आयोजित सरस शक्ति फूड फेस्टिवल में रविवार को भारी भीड़ उमड़ी, जिससे लोधी रोड और मथुरा रोड पर भीषण जाम लग गया।

सरस मेले में फूड स्टॉल पर देसी स्वाद लेते लोग। फोटो-जागरण

सरस मेले में फूड स्टॉल पर देसी स्वाद लेते लोग। फोटो-जागरण

HighLights

  1. सुंदर नर्सरी में 18 दिवसीय सरस शक्ति फूड फेस्टिवल शुरू हुआ।

  2. मेले में भारी भीड़ से दिल्ली की सड़कों पर भीषण जाम लगा।

  3. ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ नियंत्रण के लिए मार्ग डायवर्ट किए।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। सुंदर नर्सरी में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से शनिवार को 18 दिवसीय सरस शक्ति फूड फेस्टिवल की शुरुआत हुई है। पहले रविवार को बड़ी संख्या में दिल्लीवासी व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए वाहनों से जब सरस मेले के लिए निकले तो सब्ज बुर्ज गोलचक्कर से लेकर लोधी रोड, मथुरा रोड और ओबराय फ्लाईओवर पर भीषण जाम लग गया।

इसे नियंत्रित करने के लिए दोपहर बाद लोधी रोड से सुंदर नर्सरी रोड को गोलचक्कर के पास बंद किया गया। हुमायूं मकबरे के पास से सुंदर नर्सरी में आयोजन स्थल तक सुगम आवाजाही के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ ही वालंटियर भी लगाए गए थे।

मेले में लगे 90 से अधिक फूड स्टॉल

गुनगुनाती धूप का आनंद लेने के लिए लोग बच्चों के साथ नर्सरी पहुंचे। मेले में 90 से अधिक फूड स्टॉल देसी स्वाद और विविधता से भरे हैं। जैसे-जैसे दोपहर ढलती गई, स्वाद का चटखारा लेने के लिए भीड़ भी उमड़ती रही।

बिहार का लिट्टी-चोखा हो या तेलंगाना की हैदराबादी दम बिरयानी, पंजाब की मक्के की रोटी और सरसों का साग, असम का मशरूम पीठा, केरल के अट्टापडी क्षेत्र का वन सुंदरी और छत्तीसगढ़ का चौसेला जैसे क्षेत्रीय व्यंजनों के साथ ही पोटैटो स्प्रिंग और पूर्वोत्तर राज्यों के फास्ट फूड के जायके एक साथ चखने को मिले।

ट्रैफिक पुलिस का सुझाव

सुंदर नर्सरी में नवंबर से लेकर जनवरी तक होने वाले विविध आयोजनों व इस दौरान उमड़ने वाली भीड़ को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही चार बिंदुओं पर सुझाव दिए थे, जिनमें डायवर्जन से लेकर पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था भी शामिल थी। सब्ज बुर्ज गोल चक्कर के पास लोधी रोड से सुंदर नर्सरी जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया।

उस तरफ से आने वाहन चालक अब ओबराय फ्लाईओवर होते हुए सुब्रह्मणयम स्वामी चौराहे से यूटर्न लेकर वापस सुंदर नर्सरी आ रहे हैं। इसी मार्ग से मथुरा रोड पर भोगल व जंगपुरा की तरफ भी जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में वाहन चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, बिट्टू गैंग के सदस्य समेत 6 गिरफ्तार; चोरी की 25 बाइकें बरामद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।