लिट्टी-चोखा, सरसों का साग और हैदराबादी बिरयानी... दिल्ली में दिखा पूरे देश का स्वाद; ये है मेले की टाइमिंग
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने सुंदर नर्सरी में 18 दिवसीय सरस शक्ति फूड फेस्टिवल शुरू किया है। यह महोत्सव ग्रामीण महिला उद्यमियों के पारंपरिक व्यंजनों और पाक कला को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है।
-1795322965858_m.webp)
सुंदर नर्सरी में चल रहे सरस शक्ति फूड फेस्टिवल में जायकों का स्वाद लेने के लिए स्टालों पर उमड़े लोग। सौ. आयोजक
HighLights
सुंदर नर्सरी में 18 दिवसीय सरस शक्ति फूड फेस्टिवल शुरू।
ग्रामीण महिला उद्यमियों के पारंपरिक व्यंजनों का राष्ट्रीय मंच।
90 से अधिक स्टॉलों पर भारत के विविध क्षेत्रीय स्वाद।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से सुंदर नर्सरी में शनिवार को 18 दिवसीय सरस शक्ति फूड फेस्टिवल की शुरुआत हुई है।
ग्रामीण महिलाओं के उद्यमशील कौशल, पारंपरिक खानपान और भारत की समृद्ध पाक विविधता को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित महोत्सव में 90 से अधिक फूड स्टॉल पर बिहार का लिट्टी-चोखा, तेलंगाना की हैदराबादी दम बिरयानी, पंजाब की मक्के की रोटी और सरसों का साग, असम का मशरूम पीठा, केरल के अट्टापडी क्षेत्र का वन सुंदरी और छत्तीसगढ़ का चौसेला जैसे क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा।
ये है टाइमिंग
दिल्लीवासी प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से रात 9:30 बजे मेले का आनंद उठा सकते हैं। महोत्सव का उद्देश्य केवल क्षेत्रीय व्यंजनों का प्रदर्शन करना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण महिला उद्यमियों को सीधे शहरी उपभोक्ताओं और संभावित खरीदारों से जोड़ना भी है।
इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने, उनकी पहचान और ब्रांडिंग को मजबूत करने तथा कारोबार के नए अवसर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस बार देशभर के स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी 500 से अधिक महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों और पाक कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिला है।
यह भी पढ़ें- मेले की अद्भुत तस्वीरें: तंबुओं में बसा आस्था का संसार, रेती पर अपनी अलग दुनिया बसाने पहुंचे हजारों लोग