दशहरा पर दिल्ली पुलिस का कड़ा पहरा, लाल किला पर 2000 जवान तैनात; चप्पे-चप्पे पर CCTV से नजर
विजयदशमी के अवसर पर लाल किला परिसर में लाखों लोगों की संभावित भीड़ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

लाल किला पर दिल्ली पुलिस का कड़ा पहरा। फोटो: आर्काइव
HighLights
विजयदशमी पर लाल किला परिसर में लाखों की भीड़ अपेक्षित।
सुरक्षा हेतु 1500-2000 पुलिस जवान तैनात, व्यापक इंतजाम।
सीसीटीवी निगरानी, पुलिस हेल्प डेस्क से भीड़ प्रबंधन।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। विजयदशमी के अवसर पर लाल किला परिसर में रावण दहन के दौरान लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद है। इसी को देखते हुए लाल किला परिसर में उत्तरी जिला पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
रामलीला देखने के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने 1500 से 2000 जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में स्थानीय पुलिस के साथ यातायात पुलिस और अतिरिक्त बल के जवान भी शामिल रहेंगे।
भीड़ प्रबंधन से लेकर यातायात व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तक के लिए पुलिस ने तैयारी की है।
लाल किला परिसर में 2000 जवान तैनात
उत्तरी दिल्ली की वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, विजयदशमी के अवसर पर इलाके में तीन बड़ी रामलीलाओं का आयोजन हो रहा है। इन आयोजनों का ऐतिहासिक महत्व है और इनमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिसकर्मियों की तैनाती के अलावा विभिन्न स्थानों पर पुलिस हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं, ताकि किसी तरह की परेशानी होने पर लोग तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकें।
सीसीटीवी से गतिविधियों पर नजर
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से भी कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, तीनों रामलीला समितियों के पास अपना अलग सीसीटीवी निगरानी तंत्र और कंट्रोल रूम भी है।
इस तरह पुलिस और रामलीला समितियों के स्तर पर भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
पुलिस का जोर आयोजन स्थलों पर सुरक्षा बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं और दर्शकों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर है।
विजयदशमी के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत लोगों की सहायता और निगरानी के लिए किए गए इंतजामों का उद्देश्य समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के PG में कौन रह रहा? अब DU रखेगा डिजिटल रिकाॅर्ड; खाली पड़े सरकारी क्वार्टर बनेंगे हॉस्टल
