लाइसेंस रद, फिर भी MCD के नाम पर वसूल रहा था पार्किंग शुल्क; 100 पर्चियों संग लाल किले से गिरफ्तार
दिल्ली के Lal Qila के पास अवैध पार्किंग शुल्क वसूलने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहम्मद नौशाद MCD का लाइसेंस रद होने के बावजूद लोगों से पैसे वसूल रहा था।
-1795233636857_m.webp)
दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में अवैध पार्किंग चलाने वाला शातिर। जागरण
HighLights
लाल किले के पास अवैध पार्किंग शुल्क वसूलने वाला गिरफ्तार।
MCD लाइसेंस रद होने के बाद भी जारी थी वसूली।
आरोपी मोहम्मद नौशाद के पास से पर्चियां और नकद बरामद।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लाल किले के आसपास आने वाले पर्यटकों और वाहन ड्राइवरों से पिछले कई महीनों से पार्किंग शुल्क वसूलने का खेल चल रहा था।
हैरानी की बात यह है कि पार्किंग चलाने वाले व्यक्ति का लाइसेंस दिल्ली नगर निगम (MCD) पहले ही रद कर चुका था, इसके बावजूद वह एमसीडी के नाम वाली पर्चियां थमाकर लोगों से पैसे वसूल रहा था।
उत्तरी जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने इस अवैध पार्किंग रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शास्त्री पार्क के मोहम्मद नौशाद के रूप में हुई है, जो मूलरूप से बिहार के सहरसा का रहने वाला है।
100 पार्किंग पर्चियों की बुकलेट
इसके पास से एमसीडी के नाम वाली 100 पार्किंग पर्चियों की बुकलेट और 1,300 रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद पर्चियों में 18 इस्तेमाल की जा चुकी थीं, जबकि 82 का इस्तेमाल किया जाना बाकी था।
उत्तरी जिले की वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 19 नवंबर को पुलिस चौकी लाल किला को सूचना मिली थी कि अपर सुभाष मार्ग पर मेट्रो गेट नंबर दो के पास एक व्यक्ति एमसीडी के नाम पर पार्किंग शुल्क वसूल रहा है।
सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुमन कुमार की देखरेख और एसआइ योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। सुबह करीब 10:40 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति वाहन ड्राइवरों को वहां गाड़ियां खड़ी करने के लिए बुला रहा था।
पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने उससे पार्किंग संचालन का वैध लाइसेंस और आवंटन संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई अनुमति नहीं दिखा सका।
बकाया भुगतान नहीं करने पर रद हुआ था लाइसेंस
जांच में सामने आया कि नौशाद को 17 दिसंबर 2024 से तीन साल के लिए एमसीडी की ओर से पार्किंग संचालन का लाइसेंस मिला था। हालांकि, बकाया राशि का भुगतान नहीं करने के कारण निगम ने इसी वर्ष अगस्त में ही उसका लाइसेंस रद कर दिया था।
इसके बावजूद वह पुराने लाइसेंस की आड़ में पार्किंग संचालित कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लाइसेंस रद होने के बाद से वह कितने समय से अवैध वसूली कर रहा था और इस दौरान कितने वाहन ड्राइवरों से पार्किंग शुल्क लिया गया। साथ ही, बरामद पर्चियों के स्रोत की भी जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।