लाल किला ब्लास्ट के आतंकी मुजम्मिल और शाहीन का कोर्ट में बड़ा दावा, बचाव में रखी दलील; NIA जांच को चुनौती
लाल किला विस्फोट मामले में आरोपी मुजम्मिल शकील और शाहीन सईद की ओर से आरोप तय करने पर कोर्ट में ...और पढ़ें

लाल किला ब्लास्ट में पकड़े गए आतंकी मुजम्मिल और शाहीद सईद। फोटो: आर्काइव
HighLights
बचाव पक्ष ने मुजम्मिल और शाहीन की संलिप्तता पर सवाल उठाए।
एनआईए ने सभी आरोपियों के बीच साजिश के सबूत बताए।
अगली सुनवाई 17 नवंबर को शोएब के आरोप तय करने पर।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। लाल किला विस्फोट मामले में शनिवार को कोर्ट में आरोपी मुजम्मिल शकील और शाहीन सईद की ओर से आरोप तय करने के मुद्दे पर बहस हुई।
बचाव पक्ष ने दोनों आरोपियों की विस्फोट की साजिश में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार करते हुए कहा कि उनका न तो विस्फोट में इस्तेमाल की गई कार की खरीद से कोई संबंध है और न ही अन्य आरोपियों के साथ उनकी बातचीत का कोई साक्ष्य है।
वहीं, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दावा किया कि सभी आरोपियों के बीच साजिश रचे जाने के पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं और उनके खिलाफ आरोप तय किए जाने चाहिए।
राउज एवेन्यू स्थित विशेष न्यायाधीश (NIA) प्रशांत शर्मा की अदालत में सुनवाई बंद कमरे में हुई। अदालत ने अब मामले में अन्य आरोपी शोएब की ओर से आरोप तय करने के मुद्दे पर बहस के लिए 17 नवंबर की तारीख तय की है।
कार खरीदने में मुजम्मिल की कोई भूमिका नहीं
मुजम्मिल शकील की ओर से पेश अधिवक्ता एमएस खान ने दलील दी कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मुजम्मिल को 29 अक्टूबर को ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि विस्फोट में इस्तेमाल की गई कार 30 अक्टूबर को फरीदाबाद के एक कार डीलर से खरीदी गई थी।
यह कार अमीर राशिद के नाम पर थी। बचाव पक्ष ने कहा कि मुजम्मिल ने न तो कार खरीदने में कोई मदद की और न ही इसके लिए धन उपलब्ध कराया। यहां तक कि सीसीटीवी फुटेज में भी मुजम्मिल कहीं दिखाई नहीं दिया है।
वकील ने दलील दी कि सीसीटीवी फुटेज में उमर उन नबी, अमीर राशिद और तीसरे आरोपी जासिर बिलाल वानी की मौजूदगी दिखाई देती है।
मुजम्मिल और अन्य आरोपियों के बीच किसी तरह का संवाद या संपर्क होने का भी कोई प्रमाण नहीं है। ऐसे में उसे विस्फोट की साजिश से जोड़ना उचित नहीं है।
विस्फोट से एक दिन पहले गिरफ्तार हुई थी शाहीन
बचाव पक्ष ने शाहीन सईद की गिरफ्तारी का समय भी अदालत के सामने रखा। अधिवक्ता के अनुसार, शाहीन को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नौ नवंबर को लखनऊ से गिरफ्तार किया था, जबकि लाल किले के पास 10 नवंबर को विस्फोट हुआ था।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब दोनों आरोपी पहले ही पुलिस की गिरफ्त में थे, तो उन्हें विस्फोट की साजिश से किस आधार पर जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या उमर उन नबी और अमीर राशिद को पहले से पता था कि मुजम्मिल को 29 अक्टूबर को गिरफ्तार किया जाएगा।
NIA ने साजिश के पर्याप्त साक्ष्य होने का किया दावा
NIA की ओर से पेश विशेष लोक अभियोजक माधव खुराना ने बचाव पक्ष की दलीलों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों के बीच साजिश होने के पर्याप्त साक्ष्य हैं और मामले में आरोप तय किए जाने चाहिए।
एजेंसी के अनुसार, फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय से जुड़े सहयोगियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद उमर उन नबी घबरा गया था।
यह भी पढ़ें- 'इंटरनेट के भेड़िये झुंड में कर रहे शिकार', साइबर ठगी पर दिल्ली HC की बड़ी टिप्पणी; अग्रिम जमानत से इनकार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।