संजय कपूर की मां का आरोप: बिना सहमति करिश्मा और प्रिया कपूर ने बनाया फेमिली ट्रस्ट, हाईकोर्ट में दी याचिका
दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की मां रानी कपूर ने दिल्ली हाईकोर्ट में प्रिया कपूर और करिश्मा कपूर के बच्चों के ...और पढ़ें

दिवंगत कारोबारी संजय कपूर की 30 हजार करोड़ की प्रॉपर्टी के विवाद में उनकी दोनों पत्नियां करश्मा कपूर और प्रिया कपूर में चल रहा है विवाद। फाइल फोटो
HighLights
रानी कपूर ने बहू प्रिया और करिश्मा के बच्चों पर केस किया।
आरोप है कि फर्जी फैमिली ट्रस्ट बनाकर संपत्ति हड़पी गई।
रानी कपूर ने खुद को पति की संपत्ति का एकमात्र वारिस बताया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की मां रानी कपूर ने अपनी बहू प्रिया कपूर और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में एक मुकदमा दायर किया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रिया व करिश्मा के बच्चों ने गैर-कानूनी तरीके से उनकी पूरी संपत्ति हड़पने के लिए एक धोखाधड़ी वाला फैमिली ट्रस्ट बनाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रानी कपूर फैमिली ट्रस्ट फर्जी अमान्य और बेकार है और उनकी पूरी संपत्ति और पारिवारिक विरासत उनकी जानकारी या सहमति के बिना गैर-कानूनी तरीके से उस ट्रस्ट में स्थानांतरित कर दी गई।
खुद को कहा एकमात्र लाभार्थी और वारिस
याचिका में उन्होंने कहा कि बेटे की मौत के बाद उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला। रानी कपूर ने इस मामले में 23 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें प्रिया कपूर, उनके बेटे, करिश्मा कपूर के बच्चे, उनकी बेटी मंधिरा कपूर स्मिथ और उनके दो बच्चे सहित अन्य शामिल हैं।मुकदमे के अनुसार रानी कपूर अपने दिवंगत पति डाॅ. सुरिंदर कपूर की संपत्ति की एकमात्र लाभार्थी और वारिस हैं।
बच्चों ने पिता के फैसले को था स्वीकारा
सोना ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रमोटर रहे डाॅ. सुरिंदर कपूर का जून 2015 में निधन हो गया था और वे छह फरवरी 2013 की एक वसीयत छोड़ गए थे, जिसके तहत उनकी पूरी संपत्ति रानी कपूर को मिल गई थी। इस वसीयत को जनवरी 2016 में बांबे हाईकोर्ट ने विधिवत प्रमाणित किया था, जब उनके तीनों बच्चों ने कोई आपत्ति नहीं जताई थी। मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि इसके बावजूद उनकी संपत्ति को आरके फैमिली ट्रस्ट में डाल दिया गया और अक्टूबर 2017 के आसपास उनकी सहमति के बिना बनाया गया था।
बहू प्रिया कपूर पर लगाया आरोप
रानी कपूर ने दावा किया है कि संजय कपूर के निधन के तुरंत बाद, उनकी बहू प्रिया कपूर ने उन्हें बिना बताए या सलाह लिए सोना ग्रुप की प्रमुख कंपनियों पर नियंत्रण करने के लिए तेजी से कदम उठाए। इसी के तहत संजय कपूर के अंतिम संस्कार के कुछ ही दिनों के भीतर निदेशक और प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्तियां हासिल की।
नई र्हमेल आईडी का किया इस्तेमाल
यह भी आरोप लगाया गया है कि उनके ईमेल अकाउंट के हैक होने की बात करके उनकी जानकारी के बिना एक नई ईमेल आईडी बनाई गई और ट्रस्ट और कंपनी प्रबंधन में बदलाव करने के लिए इस्तेमाल की गई।
मानहानि मामले में प्रिया का बयान दर्ज
पटियाला हाउस स्थित विशेष न्यायाधीश की अदालत में उद्योगपति संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव कपूर ने अपनी ननद मंदिरा कपूर के खिलाफ दायर मानहानि मामले में अपना बयान दर्ज कराया। प्रिया बुधवार को कोर्ट में पेश हुई थी। मामले की सुनवाई के दौरान प्रिया के अधिवक्ता ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इन-कैमरा सुनवाई का अनुरोध किया जिसे कोर्ट ने अनुमति दे दी।
कोर्ट ने केवल आवश्यक पक्षकारों और उनके अधिवक्ताओं को ही कोर्ट रूम में मौजूद रहने का आदेश दिया। प्रिया ने अदालत के समक्ष कहा कि इन आरोपों के कारण उन्हें व्यक्तिगत और सार्वजनिक स्तर पर मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ी है। उन्होंने सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।
प्रिया सचदेव की शिकायत अनुसार, संजय कपूर के निधन के बाद मंदिरा कपूर ने पाडकास्ट, इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म और मीडिया इंटरव्यू के माध्यम से प्रिया सचदेव कपूर के खिलाफ आरोप लगाए। प्रिया का आरोप है कि ये बयान झूठे, निराधार और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की नीयत से दिए गए।
